जनस्वास्थ्य विभाग की तरफ से बुधवार को दूसरे दिन भी स्वामी नगर में पेयजल के अवैध कनेक्शनों को वैध करने के लिए शिविर लगाया गया। यहां पर कनेक्शन धारकों से आवेदन लिए गए। मौके पर जनस्वास्थ्य विभाग के जेई बलविंद्र, जिला सलाहकार शर्मा चंद लाली, कर्मचारी नीरज, तरूण मेहता मौजूद रहे। विभाग की तरफ से मंगलवार को भी शिविर लगाया गया था, लेकिन 10 ही आवेदन आए थे। विभाग की तरफ से नगर परिषद सीमा में शामिल होने के बाद अवैध से वैध हुई कॉलोनियों में पेयजल की पाइप लाइन डाली गई है। इसके चलते विभाग अब इन कॉलोनियों में घरों के अवैध कनेक्शनों को भी वैध कर रहा है। कनेक्शन को लेकर विभाग की तरफ से छूट भी दी गई है। रोड कट की दी गई है छूट जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सरकार की ओर से फिलहाल रोड कट शुल्क में छूट दी गई है। ऐसे में इस योजना के तहत कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं को करीब छह से आठ हजार रुपये तक की सीधी बचत होगी। यदि कैंप के बाद कनेक्शन लिया जाता है तो उपभोक्ताओं को नौ से 11 हजार रुपये तक खर्च करना पड़ सकता है। कैंप में कनेक्शन की फीस 1550 रुपये निर्धारित की गई है। यदि कोई उपभोक्ता एकमुश्त भुगतान करने में असमर्थ है तो उसे आसान किश्तों में भी भुगतान की सुविधा दी जाएगी। इसके तहत उपभोक्ता 15 वर्षों तक प्रति माह 10 रुपये या छह वर्षों तक प्रति माह 25 रुपये बिल के साथ जमा कर सकते हैं। ये मांगे गए है दस्तावेज कैंप में आने वाले आवेदकों को मकान के मालिकाना हक का प्रमाण, आधार कार्ड, अन्य पहचान पत्र, परिवार पहचान पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो तथा मकान के बाहर खड़े होकर खिंचवाई गई फोटो का प्रिंट साथ लिया गया।