चरखी दादरी शहर में सड़कें टूटी, सफेद पट्टियां गायब तो आवारा पशुओं का अभी तक समाधान नहीं हुआ है। आगामी समय में धुंध होगी तो ये खामियां किसी के जीवन के लिए घातक बनेंगी। वहीं, नगर पार्षदों ने भी संबंधित विभाग से संज्ञान लेने क मांग की है। बता दें शहर में सड़कों से सफेद पट्टियां, जेब्रा क्रासिंग व साइन बोर्ड आदि गायब हैं। वाहन चालकों को भी रुकने या गति धीमी करने का संकेत नहीं मिलता। अब मोड़ व कट आदि दिखाई देने पर भी कई बार लोग हादसे के शिकार हो जाते हैं। आगामी दिनों धुंध आने पर कट व मोड़ भी दिखने बंद हो जाएंगे। संकेतक व रिफलेक्टर न होने की स्थिति में हादसों की आशंका अधिक रहती है। दूसरी ओर से सड़कोंं पर आवारा पशु भी घूम रहे हैं। अंधेरे व कोहरे में दिखाई न देने के कारण ये भी हादसों का कारण बन जाते हैं। रोड पर बैठने या अचानक सामने आने से कई बार वाहन टकरा जाते हैं तो कई चालक पशु को बचाने के प्रयास में स्वयं दुर्घनटना का शिकार बन जाते हैं। इसके पशुओं को गोशाला में छोड़ा जाना आवश्यक है और विभाग को इस पर संज्ञान लेना चाहिए। पार्षद बोले: शहर में जर्जर सड़कें हैं और विभाग की ओर से इन पर कोई संज्ञान नहीं लिया गया है। पशुओं को छोड़ने की कवायद भी कई बार की गई, लेकिन पूरी तरह सिरे चढ़ पाई है। अब नगर परिषद को इसके लिए आगे आना चाहिए।