पूर्व कैबिनेट मंत्री स्व. सतपाल सांगवान के जन्मदिवस पर बुधवार को उनके बेटे दादरी विधायक सुनील सांगवान ने हर वर्ष सफाई अभियान चलाने का संकल्प लिया। साथ ही कहा कि उनके पिता स्व. सतपाल सांगवान के दादरी का विकास बढ़ाने का जो सपना है, वह पूरा करने का भरसक प्रयास करेंगे। उन्होंने अपने जीवन में सदैव हर वर्ग के लिए कार्य किया और उनके संस्कार सदैव याद रहेंगे। पिताजी का सरल जीवन, कर्मनिष्ठा, जनसेवा का भाव और संगठन के प्रति समर्पण आज भी उनके सार्वजनिक जीवन को दिशा देता है। जिस प्रकार उनके पिता व पूर्व मंत्री स्व. सतपाल सांगवान ने अपने राजनीतिक जीवन में तपस्या के माध्यम से दादरी के विकास को सींचा, अपने व्यवहार से कार्यकर्ताओं के साथ व्यावहारिक संबंध बनाए और समाज के विकास व उत्थान के लिए अपने नेतृत्व में कार्य किया, वह सभी लोगों के लिए अनुकरणीय है। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में प्रदेशभर से पहुंचे अनेक राजनीति, सामाजिक व समर्थकों ने पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान को श्रद्धांजलि अर्पित की। विधायक सुनील सांगवान ने कहा कि जिस प्रकार उनके पिता पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान का सपना दादरी के लिए देखा था, उसी दिशा में प्रदेश ही भाजपा सरकार लगातार योजनाओं को आगे बढ़ा रही है। महेंद्रगढ़ विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि पूर्व मंत्री स्व. सतपाल सांगवान का योगदान दादरी व हरियाणा की राजनीति और विकास के लिए अविस्मरणीय है। उन्होंने कैबिनेट मंत्री व विधायक रहते हुए विकास के नये आयाम स्थापित किए थे। वक्ताओं ने कहा कि सही मायनों में सतपाल सांगवान को ही दादरी के विकास का जनक माना जाता है। स्व. सतपाल सांगवान दादरी ही नहीं बल्कि हरियाणा की राजनीति के मजबूत स्तंभ थे। कार्यक्रम में मंच संचालन भाजपा जिला महामंत्री रविंद्र सिलगर ने किया।