राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत कार्यक्रम के तहत जिला में भव्य मतदाता जागरूकता पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उपायुक्त डॉ. मुनीश नागपाल के मार्गदर्शन एवं जिला युवा अधिकारी नित्यानंद यादव के निर्देशन में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पदयात्रा को नगर परिषद चेयरमैन बक्सी राम सैनी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पदयात्रा की शुरुआत आईटीआई रावलधी से हुई, जो बस स्टैंड के सामने से होते हुए पुनः आईटीआई रावलधी पर आकर संपन्न हुई। इस दौरान युवाओं ने हाथों में स्लोगन कार्ड लेकर मतदान के प्रति जागरूकता के नारे लगाए और शहरवासियों को लोकतांत्रिक कर्तव्यों का संदेश दिया। कार्यक्रम में युवाओं ने 18+ मतदाता जागरूकता प्रतीक चिन्ह बनाकर यह संदेश दिया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण करते ही मतदान करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। साथ ही मतदाता हस्ताक्षर अभियान चलाकर युवाओं ने मतदान की प्रतिबद्धता जताई।