चरखी दादरी में लंबे इंतजार के बाद शहर के एमसीएच यानी मातृ-शिशु अस्पताल की खराब लिफ्ट ठीक हो गई है। इससे अब मरीजों को काफी राहत मिली है। चार माह में लिफ्ट खराब होने और इसे ठीक न कराने की समस्या को अमर उजाला ने अलग-अलग संस्करणों में प्रमुखता से उठाया था। बता दें कि मातृ-शिशु अस्पताल में पांच माह पहले करीब 11 लाख की लागत से लिफ्ट लगाई गई थी। अक्तूबर के पहले सप्ताह में हुई बारिश का पानी लिफ्ट के नीचे भर गया जिसके चलते इसमें खराबी आ गई औरइससे लिफ्ट बंद हो गई। कई दिनों तक स्वास्थ्य विभाग और पीडब्ल्यूडी अधिकारियोब्ने खराब हुई लिफ्ट की सुध नहीं ली और इसके चलते मरीजों को परेशानियों से दो-चार होना पड़ा। अधिकारियों के उदासीन रवैये को देखते हुए अमर उजाला ने 26 अक्तूबर के संस्करण में यह मुद्दा उठाते हुए 4 माह पहले लगी लिफ्ट खराब, गर्भवती महिलाएं और बुजुर्ग चढ़ रहे सीढ़ी...नामक शीर्षक से खबर प्रकाशित की। उस दौरान अधिकारियों ने एक सप्ताह के अंदर लिफ्ट चालू कराने का दम भरा। 6 नवंबर तक भी लिफ्ट ठीक न होने पर अमर उजाला ने 7 नवंबर के संस्करण में सीढ़ी चढ़ने पर मरीजों की फूल रहीं सांसें, लिफ्ट है की चलती नहीं...नामक शीर्षक से खबर प्रकाशित कर दोबारा इस मुद्दे को उठाया। दो बार खबर छपने के बाद पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने एजेंसी की मार्फत लिफ्ट को ठीक कराया और अब इसे मरीजों के लिए चालू कर दिया गया है। 200 रहती है दैनिक ओपीडी मातृ-शिशु अस्पताल शहर के बीचोबीच स्थित है। यहां की दैनिक ओपीडी 200 के पार रहती है। अब तक यहां मरीजों के लिए लिफ्ट सुविधा नहीं थी जिसके चलते उन्हें रैंप या सीढ़ी चढ़कर पहली या दूसरी मंजिल पर जाना पड़ता है। मरीजों के लिए यह करना आसान नहीं है। मरीजों की इस समस्या को देखते हुए विभाग ने अब लिफ्ट लगवाई है। दादरी मातृ-शिशु अस्पताल की लिफ्ट हमने चालू करवा दी है। अब मरीजों को सीढ़ी चढ़कर पहली और दूसरी मंजिल पर नहीं पहुंचना पड़ेगा। अनूप सिंह, जेई, पीडब्ल्यूडी (इलेक्ट्रीशियन शाखा)