दादरी जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील ने रविवार को मनरेगा बचाओ अभियान को लेकर लघु सचिवालय में चल रहे धरने को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी देश भर में मनरेगा बहाली को लेकर सप्ताह भर धरने प्रदर्शन कर आंदोलन कर रही है। इसी कड़ी में दादरी में तीन दिन धरने का आयोजन किया गया है और सोमवार को इस विषय में सरकार को संबोधित ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा जाएगा। इससे पूर्व धरना स्थल पर कांग्रेस जनों ने संत रविदास जयंती मनाई और उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सुशील ने कहा कि ज्ञापन में किसान, मजदूरों के साथ स्थानीय समस्याओं को शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना में बदलाव को लेकर मजदूरों के साथ किसानों में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि पंचायत मनरेगा में अपने हिसाब से काम करवाती थी लेकिन अब सरकार अपनी मर्जी से ठेकेदारों से काम करवाएगी। धरने में कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता पूर्व विधायक धर्मपाल सांगवान, पूर्व विधायक नृपेंद्र सिंह, पूर्व विधायक सोमबीर सांगवान, किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय कन्वीनर राजू मान, डॉ ओमप्रकाश, जसबीर बॉक्सर आदि भी मौजूद रहे।