हरियाणा में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को राज्यपाल से मुलाकात करने पहुंचा। इस दौरान कांग्रेस भाजपा सरकार के खिलाफ कई अहम मुद्दे उठाएगी। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा और प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल राजभवन पहुंचकर मुख्य फोकस कांग्रेस विधायक मामन खान के खिलाफ दर्ज मुकदमे का विरोध रहेगा। पार्टी इसे राजनीतिक द्वेष की कार्रवाई बताते हुए राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग करेगी। इसके साथ ही कांग्रेस भाजपा सरकार पर बिना ठोस कारण विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने का आरोप भी लगाएगी। भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कहना है कि सरकार जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए राजनीतिक एजेंडे के तहत यह कदम उठा रही है। राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग के आरोप में पार्टी से निलंबित पांच विधायकों को इस प्रतिनिधिमंडल और बैठक से दूर रखा गया है। इनमें शैली चौधरी, रेनू बाला, सरदार जरनैल सिंह, मोहम्मद इलियास और मोहम्मद इसराइल शामिल हैं। कांग्रेस इस मुलाकात के जरिए भाजपा सरकार पर राजनीतिक दबाव बनाने और अपने विधायकों के खिलाफ कार्रवाई को मुद्दा बनाने की रणनीति पर काम कर रही है।