सीएम नायब सिंह सैनी 21 अगस्त को गुरुग्राम यूनिवर्सिटी में जेन-जी एंटरप्रेन्योर्स के साथ सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम में स्टार्टअप शुरू करने के इच्छुक युवाओं को सफल उद्यमियों से कारोबार शुरू करने, धन की व्यवस्था और तकनीकी सहायता से जुड़ी जानकारी मिलेगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कार्यक्रम में औपचारिकता कम रखने और युवाओं के साथ सीधे संवाद पर जोर देने के निर्देश दिए हैं। सीएम की अध्यक्षता में बुधवार को मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित बैठक के दौरान अधिकारियों ने इस कार्यक्रम के संबंध में विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में छह मास्टर क्लास रूम बनाए जाएंगे। प्रत्येक में 50 युवाओं के समूह को सफल उद्यमी स्टार्टअप शुरू करने और उसे आगे बढ़ाने के बारे में प्रशिक्षण देंगे। प्रशिक्षण के बाद युवाओं को प्रमाणपत्र दिए जाएंगे और उन्हें एमएसएमई से जोड़ा जाएगा जहां वे स्टार्टअप से जुड़ा व्यावहारिक अनुभव हासिल कर सकेंगे। इसके अलावा एक स्टार्टअप रूम बनाया जाएगा। इसमें 60 सफल उद्यमी युवाओं को स्टार्टअप शुरू करने से जुड़ी जानकारी देंगे। बैंकों की ओर से ऋण और कौशल विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों की ओर से जरूरी प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन उच्च शिक्षा, कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण और उद्योग एवं वाणिज्य विभाग संयुक्त रूप से करेंगे। सीएम युवा उद्यमी यात्रा के तहत दो बसों को भी रवाना करेंगे। गुरुग्राम से शुरू होने वाली ये बसें दिसंबर तक प्रदेश के सभी जिलों में कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, आईटीआई और कोचिंग संस्थानों तक जाएंगी। विद्यार्थियों को स्टार्टअप और एंटरप्रेन्योशिप की जानकारी देने के साथ उनके विचारों को आगे बढ़ाने में मदद की जाएगी। दिसंबर में जेन-जी का बड़ा कार्यक्रम सीएम ने यात्रा शुरू होने से पहले बसों का मार्ग तय करने और शिक्षण संस्थानों को इसकी जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। यात्रा से जुड़ने वाले युवाओं का पंजीकरण किया जाएगा। बस के पहुंचने वाले संस्थानों में प्रदर्शनी और बैंकों के सहायता कक्ष लगाए जाएंगे। दिसंबर में यात्रा से लाभ लेने वाले युवाओं के लिए जेन-जी का बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।