भिवानी। शहर थाना पुलिस भिवानी ने घर में घुसकर चांदी के आभूषण व रुपये चोरी मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से चोरी किए चांदी के आभूषण व 17 हजार रुपए बरामद किए हैं। सज्जू निवासी गवार फैक्ट्री भिवानी ने थाना शहर पुलिस भिवानी को शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया था कि 26 अगस्त को वह अपने परिवार सहित घंटाघर पर कपड़े बेचने के लिए गया हुआ था। इस दौरान अज्ञात व्यक्ति छत के रास्ते उसके घर में घुस गए तथा कमरे का ताला तोड़कर वहां से चांदी के आभूषण व रुपये चोरी करके ले गए। शिकायत के आधार पर थाना शहर भिवानी में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया था। अभियोग में 10 सितंबर को प्रभावी कार्रवाई करते हुए थाना शहर भिवानी के अंतर्गत पुलिस चौकी बीटीएम की पुलिस के जांच अधिकारी एएसआई मुकेश ने घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देने के मामले में तीन आरोपियों साहिल निवासी दिनोद रोड बालाजी कॉलोनी, मोहित निवासी तोशाम बाईपास शांति नगर, दीपक निवासी बृजवासी कॉलोनी को तोशाम बाईपास चौक भिवानी से गिरफ्तार किया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से चोरी किए गए एक जोड़ी चांदी की पाजेब, एक चांदी की चेन, दो चांदी की अन्य चेन, तीन चांदी की अंगूठियां तथा कुल 17 हजार रुपये बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों को शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय द्वारा आरोपियों को जिला कारागार भेजने के आदेश दिए गए। संवाद