श्याम परिवार लोहारू के तत्वावधान में रविवार को विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पहला रक्तदान शिविर एवं आंखों का निः शुल्क जांच शिविर लगा। शिविर में युवाओं के साथ-साथ बुजुर्गों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए अपना योगदान दिया। कार्यक्रम में लोहारू थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सत्यनारायण मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान रक्तदाताओं को बैज लगाकर उनका उत्साहवर्धन किया। शिविर में रक्तदान करने वाले दाताओं को प्रशंसा पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। शिविर के दौरान आंखों की जांच भी की गई तथा जरूरतमंद लोगों को दवाइयां निःशुल्क वितरित की गई। आंखों की जांच के लिए बालाजी आंखों का अस्पताल लोहारू के चिकित्सक डॉ. अभिषेक सैनी एवं उनकी टीम ने सेवाएं प्रदान कीं। वहीं रक्त संग्रहण का कार्य जिला रेडक्रॉस सोसाइटी भिवानी की टीम द्वारा किया।