भिवानी। लोहारू क्षेत्र में 75 वर्षीय बुजुर्ग को मदद और दवाई दिलाने के बहाने उसे सुनसान जगह ले जाकर मारपीट कर बाइक छीनने के मामले में लोहारू पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को करीब 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को ढिगावा के पास नहर से गिरफ्तार किया तथा पीड़ित बुजुर्ग को मौके पर बुलाकर आरोपी की पहचान भी करवाई। पुलिस ने वारदात में छीनी गई बुजुर्ग की बाइक को भी बवानी खेड़ा से बरामद कर लिया है। जानकारी के अनुसार गांव गोठड़ा निवासी करीब 75 वर्षीय बलबीर सोमवार को लोहारू स्थित ईसीएचएस में दवाई लेने के लिए आए थे। देवीलाल चौक के आसपास बुजुर्ग अचानक बाइक से नीचे गिर गए। इसी दौरान वहां मौजूद आरोपी ने मदद करने के बहाने बुजुर्ग से बातचीत की और उन्हें दवाई दिलाने में सहायता करने की बात कही। आरोप है कि आरोपी बुजुर्ग को बाइक पर बैठाकर दवाई दिलाने के लिए ले गया। दवाई दिलाने के बाद वह बुजुर्ग को किसी बहाने से पिलानी रोड की तरफ ले गया। पिलानी रोड पर कचरा पात्र के पास पहुंचने के बाद आरोपी ने बुजुर्ग के साथ मारपीट की और उन्हें धक्का देकर नीचे गिरा दिया। इसके बाद आरोपी बुजुर्ग की बाइक लेकर मौके से भाग गया। वारदात की सूचना मिलने के बाद लोहारू पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विभिन्न टीमों को जांच में लगाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ-साथ आरोपी के संभावित ठिकानों और आने-जाने के रास्तों की जानकारी जुटाई। डिटेक्टिव टीम ने भी अपने स्तर पर सुराग जुटाए। पुलिस की लगातार कार्रवाई के परिणामस्वरूप आरोपी दीपक निवासी बवानीखेड़ा को करीब 24 घंटे के अंदर ढिगावा के पास नहर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पीड़ित बुजुर्ग को मौके पर बुलाकर आरोपी की पहचान भी करवाई। वहीं आरोपी द्वारा छीनी गई बाइक भी बवानीखेड़ा से बरामद कर ली है। लोहारू पुलिस थाना के जांच अधिकारी इंस्पेक्टर सत्यनारायण ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी का मेडिकल करवाने के बाद उसकी निशानदेही करवाई जाएगी तथा उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की जांच के दौरान वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों को भी जुटाया जा रहा है।