अंबाला। छठ महापर्व शुरू होते ही ट्रेनों में अव्यवस्था का आलम दिखने लगा है। शुक्रवार को अंबाला कैंट स्टेशन के प्लेटफॉर्म-2 पर अमृतसर-पूर्णिया जनसेवा एक्सप्रेस (14618) पहुंचते ही सैकड़ों यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। रेलवे की लापरवाही से जनरल की जगह चेयरकार कोच लगाए जाने से जगह बेहद कम पड़ गई। वहीं, भीड़ के डर से अंदर बैठे यात्रियों ने दरवाजे बंद कर लिए। आरपीएफ की मशक्कत के बाद भी आधे दरवाजे ही खुल सके। मजबूरन महिलाएं, बुजुर्ग और युवा जान जोखिम में डालकर टूटी खिड़कियों व शौचालय के रास्ते कोच में घुसे। लुधियाना-सरहिंद से ही ट्रेन के पैक होकर आने और भारी-भरकम सामान के कारण गलियारे जाम रहे। आरपीएफ प्रभारी रविंदर सिंह ने बताया कि अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं और यात्रियों से जोखिम भरा सफर न करने की अपील की जा रही है।