अंबाला में शहजादपुर के बड़ागढ़ गांव के मॉडर्न स्पोर्ट्स स्टेडियम करीब सात साल के लंबे इंतजार के बाद खिलाड़ियों को समर्पित हो गया है। इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया। उन्होंने इस स्टेडियम में अंबाला का पहला हॉकी का एस्ट्रोटर्फ 14 करोड़ से बनाने व रात को भी मुकाबले करवाने के लिए फल्ड लाइटें लगवाने की घोषणा की है। इसके अलावा लाहा व बिचपड़ी मैदान के जीर्णोद्धार के लिए भी पांच करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इस मौके पर स्टेडियम में कबड्डी का महाकुंभ आयोजित करवाया गया था। इनमें अंबाला, गुरुग्राम, हिसार व रोहतक जोन की लड़कों व लड़कियों की टीमों ने हिस्सा लिया था। कुल छह मुकाबले हुए थे। लड़कियों में हिसार जोन ने पहला, रोहतक ने दूसरा व गुरुग्राम और अंबाला जोन ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। लड़कों में गुरुग्राम जोन ने पहला, हिसार ने दूसरा व रोहतक और अंबाला जोन ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। विजेता टीमों पर धनवर्षा हुई। प्रथम आने टीम को दो लाख, द्वितीय को 1 लाख व तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों को 50-50 हजार रुपये की राशि दी गई।