हरियाणा को नशा मुक्त करने व युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए निकाली जा रही साइक्लोथन 2.0 रैली शनिवार को अंबली गांव में पहुंची। यमुनानगर से आई रैली में मौजूद जवानों का पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी व कई सरपंचों ने फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया। एडीसी अंबाला, एसडीएम नारायणगढ़ व डीएसपी नारायणगढ़ भी शामिल रहे। पूर्व विधायक डॉक्टर पवन सैनी ने कार्यक्रम में शामिल सैकड़ों युवाओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। साइक्लोथन 2.0 का नेतृत्व कर रहे डॉक्टर अशोक कुमार ने कहा कि युवाओं को नशे का त्याग करना चाहिए जिससे वह अपना जीवन तो संवारते ही है व अपने परिवार समाज और देश को भी उन्नति की ओर ले जाते हैं। कार्यक्रम के बाद साइक्लोथन 2.0 को पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी ने हरी झंडी दिखाकर पंचकूला के लिए रवाना किया। रविवार को यह रैली पंचकूला से चलकर शहजादपुर, साहा से होते हुए महेश नगर के रास्ते अंबाला छावनी में प्रवेश करेगी। 21 अप्रैल को यह बस स्टैंड से कुरुक्षेत्र के लिए रवाना होगी। यह रैली 5 अप्रैल से शुरू होकर 27 अप्रैल तक निकलेगी। इसमें युवा जुड़कर नशे के विरुद्ध लोटा में नमक डालकर नशा न करने की शपथ ले रहे हैं।