अंबाला। कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए विज ने कहा कि सारा देश देख रहा है कि वह पिछले काफी समय से देश की संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार प्रहार कर रहे हैं। चाहे चुनाव आयोग हो, सीबीआई हो या कोई अन्य स्वतंत्र संस्था, कांग्रेस हमेशा उन्हें निशाना बनाती रही है। ऊर्जा मंत्री ने इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि यह वही परिवार है जिसने देश पर आपातकाल थोपा था। इनके खून की तासीर में ही तानाशाही है। विज ने आरोप लगाया कि कांग्रेस व्यवस्था को ठप करना चाहती है ताकि काम करने वालों को रोका जा सके। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है। जिस तरह देश की जनता ने उनकी दादी (इंदिरा गांधी) की तानाशाही को उखाड़ फेंका था, उसी तरह राहुल गांधी के मनसूबों को भी कभी कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। स्मृति ईरानी कुशल रणनीतिज्ञ, उनके अनुभव का मिलेगा लाभ हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राज्य का पार्टी प्रभारी बनाए जाने पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी एक कुशल रणनीतिज्ञ हैं और उनके मार्गदर्शन से प्रदेश में पार्टी संगठन व सरकार दोनों को बड़ा लाभ मिलेगा। विज के मुताबिक, उनके आने से सरकार के कामकाज में और तेजी आएगी।