बाहरी-उत्तर जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बवाना की न्यू सनौठ कॉलोनी से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान पार्वती (42) और विकास कुमार उर्फ शानू (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 939 ग्राम उच्च गुणवत्ता की हेरोइन, 615 ग्राम पावर-कट पाउडर, 7.93 लाख रुपये नकद और एक टाटा हैरियर बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को एंटी नारकोटिक्स स्क्वॉड को न्यू सनौठ कॉलोनी में नशीले पदार्थों की सप्लाई किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने संपत्ति की दूसरी मंजिल पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान पार्वती और उसके सहयोगी विकास कुमार को पकड़ लिया गया। तलाशी में 939 ग्राम हेरोइन और 615 ग्राम पाउडर बरामद हुआ।