फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ग्रेटर नोएडा: बारिश में तिरंगा लेकर प्राधिकरण पहुंचे किसान, मुख्य गेट पर धरने पर बैठे; पुलिस-पीएसी तैनात

अनुज कुमार Updated Wed, 02 Sep 2026 03:15 PM IST

चार फीसदी भूखंड की मांग को लेकर प्रभावित किसानों ने बुधवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। घोड़ी-बछेड़ा गांव से सैकड़ों किसान बारिश के बीच हाथों में तिरंगा लेकर पैदल मार्च करते हुए प्राधिकरण कार्यालय पहुंचे। किसानों ने मुख्य गेट पर बैठकर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन को देखते हुए प्राधिकरण कार्यालय पर पुलिस के साथ पीएसी भी तैनात करनी पड़ी। सुरक्षा के मद्देनजर मुख्य गेट बंद कर बैरिकेडिंग कर दी गई। 

किसानों ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद उन्हें चार फीसदी भूखंड का लाभ नहीं दिया जा रहा है। प्राधिकरण की ओर से हर बार आश्वासन दिया जाता है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा। इससे किसानों में रोष बढ़ता जा रहा है।

बुधवार सुबह से ही घोड़ी-बछेड़ा गांव के शहीद पार्क में प्रभावित किसानों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। करीब 11 बजे किसानों ने हाथों में तिरंगा लेकर प्राधिकरण कार्यालय की ओर पैदल मार्च शुरू किया। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं। बारिश तेज होने के बावजूद किसान पीछे नहीं हटे और नारेबाजी करते हुए जैतपुर गांव के रास्ते प्राधिकरण कार्यालय पहुंचे।

प्राधिकरण पहुंचते ही किसानों ने मुख्य गेट पर डेरा डाल दिया। बारिश के बीच किसान गेट पर बैठकर प्राधिकरण के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। प्रदर्शन में सैकड़ों किसान मौजूद रहे। किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) के नाम मांग-पत्र सौंपकर चार फीसदी भूखंड देने की मांग दोहराई।

किसानों के पैदल मार्च को देखते हुए प्राधिकरण कार्यालय पर पहले से पुलिस बल तैनात था। किसानों की बढ़ती संख्या और प्रदर्शन को देखते हुए पीएसी भी बुला ली गई। मुख्य गेट को बंद कर बैरिकेडिंग कर दी गई। पुलिसकर्मियों की तैनाती के कारण इस गेट से किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई।

पैदल मार्च के ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के गेट पर पहुंचने के समय अचानक से एक किसान की हालत बिगड़ गई। किसान वहीं पर जमीन पर बेसुध होकर गिर गया। जिसको प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की मदद से अस्पताल पहुंचा। 

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें