दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित इफको चौक पर सीवर लाइन धंसने के कारण बनी सड़क की क्षतिग्रस्त जगह की मरम्मत का काम तीन दिन बाद भी पूरा नहीं हो सका है। सड़क पर गहरा गड्ढा होने के कारण एमजी रोड की ओर से आने वाले वाहन चालकों को जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। शुक्रवार को भी जीएमडीए की टीम मौके पर सीवर लाइन को दुरुस्त करने के काम में जुटी रही। जीएमडीए अधिकारियों के अनुसार, क्षतिग्रस्त सीवर लाइन को ठीक करने में अभी दो से तीन दिन और लग सकते हैं। फिलहाल सीवर के पानी को डायवर्ट कर दिया गया है और सड़क की गहरी खुदाई कर पाइपलाइन को ठीक करने का काम किया जा रहा है। इसके लिए आवश्यक सीवर पाइपलाइन और अन्य सामान भी मौके पर पहुंच गया है। मरम्मत कार्य पूरा होने तक इफको चौक के आसपास यातायात प्रभावित रहने की संभावना है। सड़क पर गड्ढे और चल रहे निर्माण कार्य के कारण वाहन चालकों को धीमी गति से निकलना पड़ रहा है, जिससे पीक ऑवर में जाम की स्थिति और गंभीर हो रही है।