गुरुग्राम में मेयर राजरानी मल्होत्रा ने सेक्टर-14 स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय के वार्षिक समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं की खेल प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया। उन्होंने शहर में चल रहे सफाई अभियान का भी निरीक्षण किया। राजरानी मल्होत्रा ने छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया। उन्होंने छात्राओं की प्रतिभा, ऊर्जा और आत्मविश्वास की सराहना की। मेयर ने कहा कि खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनके माध्यम से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया।