झाड़ू लगाने के क्रम में धूल हवा में उड़ाकर प्रदूषण बढ़ाने की शिकायत गुरुग्राम। नगर निगम के सफाई कर्मी भी वायु प्रदूषण को बढ़ा रहे हैं। ऐसी शिकायत सेक्टर 23 ए के आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि भवानी शंकर त्रिपाठी ने की है। वीडियो के माध्यम से उन्होंने सीएक्यूएम (कमिशन फाॅर एयर क्वालिटी मैनेजमेंंट) के नियमों की धज्जियां उड़ाने की शिकायत अधिकारियों के समक्ष रखी है। उन्होंने लिखा है कि यह केवल सेक्टर 23 ए का मामला नहीं है, पूरे शहर में सड़क के किनारे झाड़ू लगाते समय सफाईकर्मी सड़क के किनारे धूल उड़ा रहे हैं। यह धूल सांसों के माध्यम से फेफड़ों में जाकर बीमारियों की वजह बन रहा है। सिटिजन फॉर क्लीन एयर भारत की संयोजिका रुचिका सेठी टक्कर ने वन पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह के के पास सेक्टर 23 ए का यह वीडियो उदाहरण के तौर पर भेजकर गुहार लगाई है कि सड़कों की सफाई अगर मैनुअल करानी है तो इसमें इस बात के दिशा निर्देश जारी किए जाने चाहिए कि सफाई के नाम धूल को हवा में नहीं फैलाया जाए। हवा में धूल के कारण पर्टिकुलेट मैटर (पीएम) बढ़ रहा है और शहर में प्रदूषण की मात्रा बढ़ रही है। यह प्रदूषण निर्माण साइट के प्रदूषण से कम नहीं हैं। शहर के अन्य हिस्सों के लोगों ने भी इस तरह की सफाई की निंदा करते हुए, इसे बंद कराने की मांग की है।