हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने रविवार को जटौली और फर्रुखनगर अनाज मंडियों का दौरा किया। उन्होंने बाजरे की खरीद व्यवस्था का जायजा लिया और किसानों को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश दिए। राणा ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंडियों में पहुंची फसल, खरीद प्रक्रिया और किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने किसानों और आढ़तियों से बातचीत कर व्यवस्थाओं पर प्रतिक्रिया भी ली। एसडीएम दिनेश लुहाच ने मंत्री का स्वागत किया और खरीद प्रक्रिया की जानकारी दी। कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को कोई असुविधा न हो और उनकी समस्याओं का तुरंत समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि फसल खरीद पारदर्शी तरीके से होनी चाहिए। इससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अनावश्यक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। राणा ने मार्केट कमेटी कार्यालय में संबंधित विभागों और खरीद एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार किसानों की आर्थिक मजबूती के लिए लगातार काम कर रही हैं।