खुर्रमपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय नंबर वन शनिवार को शिक्षक-अभिभावक गोष्ठी (पीटीएम) का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों की शैक्षिक एवं समग्र प्रगति की जानकारी अभिभावकों को होलिस्टिक रिपोर्ट कार्ड के माध्यम से दी गई। प्रधानाध्यापिका लक्ष्मी त्यागी ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला समन्वयक निपुण कशिश त्यागी रहे। उन्होंने होलिस्टिक रिपोर्ट कार्ड के माध्यम से बच्चों के परीक्षा परिणाम के साथ भाषा व गणितीय दक्षता, रचनात्मकता, सहभागिता, व्यवहार, सामाजिक कौशल और खेलकूद सहित अन्य क्षेत्रों में हुई प्रगति पर अभिभावकों से चर्चा की गई। बैठक में अभिभावकों को बच्चों की सीखने की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान तितली पर अंगूठे की छाप के माध्यम से बच्चों के सपनों को उड़ान देने और मैमोरी चैलेंज जैसी रचनात्मक गतिविधियां भी कराई गईं। गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले और सक्रिय अभिभावकों को मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया। वहीं कक्षाओं में अच्छा प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत किया गया। प्रधानाध्यापिका लक्ष्मी त्यागी ने कहा कि बच्चे की प्रगति, अभिभावक की भागीदारी और शिक्षक के मार्गदर्शन के समन्वय से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है। एआरपी बीनू त्यागी, रुचिका जैन, रेणुका आदि मौजूद रहे।