फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जीआरपी ने दबोचा शराब तस्कर: तेल व्यापारी बनकर जा रहा था तेलंगाना, बल्लभगढ़ स्टेशन पर बैग से निकली 82 बोतलें

रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान जीआरपी ने शराब तस्करी के आरोप में तेलंगाना के एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से तीन बैग में अलग-अलग तीन ब्रांड की 82 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह सरसों के तेल का व्यापारी है और बैग में तेल लेकर तेलंगाना जा रहा है। संदेह होने पर जीआरपी ने उसके बैगों की जांच की तो उनमें शराब की बोतलें मिलीं। जीआरपी के अनुसार 16 सितंबर को बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन पर पुलिस टीम यात्रियों और सामान की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक तीन बैग लेकर रेलवे स्टेशन पर पहुंचा। पूछताछ में उसने अपना नाम जानू रजनीकांत निवासी भूपाल नगर, पेटी कुंडा, तेलंगाना बताया। उसने बताया कि वह सरसों के तेल का कारोबार करता है और तेल लेकर सिकंदराबाद जाने के लिए ट्रेन पकड़ने आया है। पुलिस को युवक के जवाब और बैगों को लेकर संदेह हुआ। इसके बाद तीनों बैग खुलवाकर जांच की गई। बैगों में सरसों के तेल के बजाय अलग-अलग तीन ब्रांड की अंग्रेजी शराब की 82 बोतलें बरामद हुईं। पूछताछ में सामने आया कि शराब को सिकंदराबाद ले जाने की तैयारी थी। जीआरपी ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में नीमका जेल भेज दिया गया। जीआरपी अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे तेलंगाना में किसे सप्लाई किया जाना था। गौरतलब है कि बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन पर पिछले सप्ताह भी जीआरपी ने चेकिंग के दौरान 50 किलोग्राम गांजा बरामद किया था। लगातार हो रही बरामदगी के बाद स्टेशन पर निगरानी और चेकिंग को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें