बच्चों में पत्र-पत्रिका पढ़ने की आदत को विकसित करने के मकसद से अमर उजाला की ओर से आयोजित हुई क्विज प्रतियोगिता पढ़ेंगे अखबार, जीतेंगे पुरस्कार के विजेता छात्रों को बुधवार को सम्मानित किया गया। सोशल बलूनी पब्लिक स्कूल के छात्रों ने लगातार 15 दिनों तक अखबार पढ़ क्विज प्रतियोगिता के लिए तैयारी की और बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रतियोगिता के विजेता छात्रों को नकद पुरस्कार के साथ छह महीने तक के लिए निशुल्क अखबार के कूपन से सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता में 11वीं की छात्रा अग्रिमा ने पहला स्थान प्राप्त किया। जबकि, 10वीं के छात्र प्रत्यूष रावत ने दूसरा और 12वीं की छात्रा इशान नौटियाल ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसके अलावा 12वीं की छात्रा निहारिका खाती व 11वीं के छात्र रिशित तोमर को सांत्वना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रबंध निदेशक विपिन बलूनी ने मुहिम की सराहना करते हुए कहा, पढ़ने की आदत एक ऐसी अच्छी आदत है, जो हर एक इंसान को अपनानी चाहिए। यह आदत बचपन से ही बच्चों में डाली जाए तो यह जीवन भर काम आती है। वहीं, प्रतियोगिता के विजेता छात्र अग्रिमा और प्रत्यूष ने कहा, अखबार पढ़ने से न सिर्फ उनका सामान्य ज्ञान बढ़ा, बल्कि हर रोज उन्हें देश-दुनिया के साथ अपने शहर से जुड़ी जानकारी भी मिली। इस मौके पर प्रधानाचार्य पंकज नौटियाल, समन्वयक जसप्रीत कौर, येनी शर्मा, रमन पोली समेत शिक्षक व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।