नगर पालिका परिषद की अतिक्रमण हटाओ टीम के साथ अभद्रता करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने एक नामजद सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई कि 20 जून की रात को पालिका की टीम मालरोड क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान संजय टम्टा और उसके साथ मौजूद कुछ लोगों ने विरोध करते हुए कर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की। उन्होंने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए कर्मचारियों को धमकियां भी दीं। प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि शिकायत के आधार पर संजय टम्टा और अन्य के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और तलाश भी की जा रही है। संवाद