फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चक्रवात का असर: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 48 घंटे से बारिश, नदी-नाले उफान पर; कई रास्तों पर बढ़ा खतरा

Sun, 27 Sep 2026 07:56 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, गौरेला पेंड्रा मरवाही

जिले में चक्रवात अरनव के असर से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। बीते करीब 48 घंटे से जिले में रुक-रुककर बारिश का दौर जारी है। लगातार बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हुआ है। जिले के कई हिस्सों में छोटे नदी-नाले उफान पर हैं, जबकि निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। बारिश के साथ चल रही ठंडी हवाओं के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। लगातार बारिश का असर जिले की बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा है। कई इलाकों में करीब 18 घंटे से बिजली आपूर्ति बाधित है, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली नहीं होने से घरेलू कामकाज के साथ ही व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं। वहीं, बारिश के कारण रोजी-मजदूरी करने वाले लोगों के सामने भी परेशानी खड़ी हो गई है। लगातार बारिश के चलते कई मजदूर काम पर नहीं जा पा रहे हैं।

पढ़ें: सरकारी स्कूलों में अक्तूबर से शुरू होंगी ऑनलाइन लाइव कक्षाएं, मिड-डे-मील पहले शिक्षक चखेंगे नदी-नालों का बढ़ा जलस्तर, पुल के ऊपर से बह रहा पानी
बारिश के कारण जिले के नदी-नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। पेंड्रा से खोडरी को जोड़ने वाले मार्ग पर स्थित डोंगरानाला में पानी का बहाव इतना बढ़ गया है कि पानी पुलिया के ऊपर से बह रहा है। वहीं, खोडरी से बढ़ावनढांड को जोड़ने वाले मार्ग पर बने पुल में भी पानी पुल से महज कुछ इंच नीचे बह रहा है। लगातार बारिश जारी रहने पर इन मार्गों पर आवागमन प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है। बसों की रफ्तार भी हुई धीमी
बारिश का असर सड़क परिवहन पर भी देखने को मिल रहा है। कई मार्गों पर पानी और कीचड़ के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। यात्री बसें भी सामान्य गति से संचालित नहीं हो पा रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से जिला मुख्यालय आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्कूलों में अवकाश, कई बच्चे पहुंचे विद्यालय
लगातार बारिश के बीच छत्तीसगढ़ शासन ने शनिवार को प्रदेश के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। हालांकि, अवकाश की सूचना समय पर नहीं पहुंच पाने के कारण कई बच्चे स्कूल पहुंच गए। बाद में स्कूल प्रबंधन ने उन्हें अवकाश की जानकारी देकर वापस घर भेज दिया। फिलहाल जिले में बारिश का दौर जारी है और प्रशासन की नजर नदी-नालों तथा निचले इलाकों की स्थिति पर बनी हुई है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें