फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दुर्ग: विधवा बेटी की शादी ने नाखुश पिता ने प्रेमी के आंख में मिर्ची पाउडर फेंककर धारदार हथियार से किया हमला

Sat, 17 Oct 2026 09:04 PM IST
दुर्ग-भिलाई ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, दुर्ग-भिलाई

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में विधवा बेटी के प्रेम संबंध और शादी के फैसले से नाराज पिता द्वारा उसके प्रेमी पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी ने युवक की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने मामले में आरोपी दीपक गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।

नया मकान दिखाने के बहाने ले गया युवक को
पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी अमित ने जामुल थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपनी प्रेमिका के साथ आर्य समाज में शादी करने के लिए आधार कार्ड लेने आरोपी दीपक गुप्ता के पास पहुंचा था। इस दौरान आरोपी ने नया मकान दिखाने के बहाने दोनों को ट्रांसपोर्ट नगर से शिवपुरी की ओर ले गया।

आरोप है कि वहां पहुंचने पर दीपक गुप्ता ने अचानक अमित की आंखों में मिर्ची पाउडर फेंक दिया। इसके बाद धारदार हथियार से उस पर हमला कर दिया। हमले में अमित गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।

राहगीरों की मदद से पुलिस तक पहुंची सूचना
घायल अमित ने किसी तरह राहगीरों से मदद मांगी। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। अमित की शिकायत के आधार पर जामुल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

बेटी की शादी से नाराज था आरोपी
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी दीपक गुप्ता ने बताया कि उसकी विधवा बेटी अमित से शादी करना चाहती थी। बेटी के इस फैसले से वह नाराज था। इसी नाराजगी के चलते उसने अमित को जान से मारने की योजना बनाई और कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और फिर गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया।

हत्या के प्रयास का मामला दर्ज
जामुल थाना प्रभारी राकेश खुटेश्वर ने बताया कि युवक की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। जांच और पूछताछ के बाद दीपक गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें