फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दो लोगों की जान लेने वाला तेंदुआ पकड़ा गया: 48 घंटे में 16 लोगों पर हमले का दावा, ग्रामीणों ने घेरकर दबोचा

Fri, 16 Oct 2026 06:08 PM IST
धमतरी ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, धमतरी

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र में पिछले दो दिनों से दहशत का कारण बने तेंदुए को आखिरकार पकड़ लिया गया है। ग्रामीणों के मुताबिक, तेंदुए ने कई गांवों में हमला कर लोगों को घायल किया था और दो लोगों की जान चली गई थी। शुक्रवार सुबह गांव के पास तेंदुआ दिखाई देने के बाद ग्रामीणों ने उसे चारों ओर से घेर लिया। कड़ी मशक्कत के बाद उसे काबू में कर वन विभाग के हवाले कर दिया गया। तेंदुए के पकड़े जाने के बाद इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है।

कई गांवों में फैली थी दहशत
यह मामला उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के अंतर्गत आने वाले कारीपानी, आमागांव और बस्तर बुढ़रा सहित आसपास के गांवों का है। ग्रामीणों के अनुसार, तेंदुए ने करीब 48 घंटों के भीतर अलग-अलग जगहों पर लगभग 16 लोगों पर हमला किया, जिनमें दो लोगों की मौत हो गई और अन्य लोग घायल हुए हैं।

मृतकों की पहचान बस्तर बुढ़रा निवासी रमशिला मंडावी और आमागांव निवासी प्रभु लाल के रूप में बताई गई है। ग्रामीणों का कहना है कि रमशिला मंडावी गर्भवती थीं। लगातार हो रहे हमलों और जनहानि के कारण इलाके में दहशत के साथ वन विभाग के प्रति नाराजगी भी देखी जा रही थी।

पिंजरे में नहीं फंसा तो ग्रामीणों ने घेरा
तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर पिंजरे लगाए थे, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ रहा था। शुक्रवार सुबह तेंदुआ एक बार फिर गांव के पास दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने एकजुट होकर उसे चारों तरफ से घेर लिया और काफी मशक्कत के बाद काबू कर लिया।

हालांकि, जंगली जानवर को पकड़ने के दौरान ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठते हैं। ऐसे मामलों में प्रशिक्षित वन अमले की मदद लेना और तेंदुए से दूरी बनाए रखना बेहद जरूरी है।

वन विभाग ने लिया कब्जे में, उपचार की तैयारी
तेंदुए के पकड़े जाने की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। वन अमले ने तेंदुए को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। मिली जानकारी के अनुसार, तेंदुए को कुछ चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे रायपुर स्थित जंगल सफारी भेजने की तैयारी की जा रही है।

14 घायलों का इलाज जारी
तेंदुए के हमले में घायल 14 लोगों का धमतरी और कोंडागांव जिले के विभिन्न अस्पतालों में उपचार जारी है। इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। वन विभाग घायलों के उपचार और मृतकों के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया में जुटा है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें