फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आईटीआई में छात्रों की बेरहमी से पिटाई!: मामूली विवाद में शिक्षक पर पांच छात्रों को पीटने का आरोप

Sun, 20 Sep 2026 04:51 PM IST
बालोद ब्यूरो अमर उजाला नेटवर्क, बालोद

बालोद जिले की लौह नगरी राजहरा स्थित शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में छात्रों की पिटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि विश्वकर्मा पूजा के दौरान मामूली विवाद को लेकर शिक्षक फलिन साहू ने पांच छात्रों के साथ मारपीट की, जिसमें उन्हें चोटें आईं। घटना के बाद छात्रों के परिजन संस्थान पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर एसडीएम और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया।

पानी पीने क्लासरूम गया था छात्र
मिली जानकारी के अनुसार, विश्वकर्मा पूजा के दौरान आईटीआई में पूजा और भोजन की व्यवस्था चल रही थी। इसी दौरान छात्र गजेंद्र साहू पानी पीने के लिए क्लासरूम की ओर गया था। छात्रों के आरोप के मुताबिक, इसी दौरान शिक्षक फलिन साहू ने उससे कहा कि सभी लोग काम कर रहे हैं और तुम घूम रहे हो। इसके बाद विवाद बढ़ गया और शिक्षक ने कथित तौर पर गजेंद्र के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

बीच-बचाव करने पहुंचे छात्रों की भी पिटाई का आरोप
बताया गया कि गजेंद्र के साथ मारपीट होते देखकर अन्य छात्र बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि शिक्षक ने नमन खोबरागड़े, सूरज रंगारी, देवेंद्र निषाद और युवराज साहू के साथ भी मारपीट की। मारपीट में पांचों छात्रों को चोटें आने की बात सामने आई है। घटना के बाद छात्रों ने अपने परिजनों को जानकारी दी, जिसके बाद परिजन आईटीआई पहुंचे और विरोध जताते हुए हंगामा किया।

मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासन के अधिकारी
मामले की सूचना मिलने पर एसडीएम और पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों और उनके परिजनों से बातचीत कर स्थिति को संभाला। मामला थाने पहुंचने के बाद पीड़ित छात्रों की ओर से लिखित शिकायत दी गई।

शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज
नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) विकास पाटले ने बताया कि पीड़ित छात्रों की लिखित शिकायत के आधार पर शिक्षक फलिन साहू के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(3) और 115(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें