कर्मचारी के सवाल पर भड़के गूगल के सीईओ, कहा- पैसे के साथ मस्ती की तुलना न करें
बैठक के दौरान सुंदर पिचाई एक कर्मचारी के सवाल पर भड़क गए थे। कर्मचारी का सवाल था कि कंपनी मुनाफे और हाई कैश रिजर्व के बावजूद यात्रा बजट, अलाउंसेस और अन्य सुविधाओं में कमी क्यों कर रही है।

विस्तार
लागत में कटौती, दक्षता और मैक्रो-इकोनॉमिक्स ऐसे कीवर्ड हैं जिनका उपयोग अक्सर गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई करते हैं। अब इस सप्ताह की कंपनी मीटिंग में भी सुंदर पिचाई ने इन्हीं शब्दों से अपने कर्मचार्रियों की जमकर लताड़ लगाई है। पिचाई ने कर्मचारियों से कहा कि वे पैसे के साथ मस्ती की बराबरी न करें।
जानकारी के अनुसार, बैठक के दौरान सुंदर पिचाई एक कर्मचारी के सवाल पर भड़क गए थे। कर्मचारी का सवाल था कि कंपनी मुनाफे और हाई कैश रिजर्व के बावजूद यात्रा बजट, अलाउंसेस और अन्य सुविधाओं में कमी क्यों कर रही है।
सर्च इंजन गूगल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सुंदर पिचाई ने इसका जवाब देते हुए कहा, 'मुझे लगता है कि आप एक हार्डवर्किंग स्टार्टअप के साथ काम कर रहे हैं और मजे कर रहे होंगे और इसकी पैसों से तुलना नहीं होनी चाहिए। मुझे याद है जब गूगल इतना बड़ा और अव्यवस्थित नहीं था। मौज मस्ती हमेशा नहीं होती, हमें हमेशा मस्ती की तुलना पैसे से नहीं करनी चाहिए।
ये भी पढ़ें:
अमेरिका में भारतीय दूतावास पहुंचे सुंदर पिचाई, भारत में गूगल की जिम्मेदारी को लेकर हुई चर्चा
हाल ही में भारतीय राजदूत से मिले थे पिचाई
गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने हाल ही में वाशिंगटन स्थित भारतीय दूतावास में पहली बार भारत के राजदूत तरणजीत सिंह संधू से मुलाकात की थी। उन्होंने देश में प्रौद्योगिकी कंपनी की गतिविधियों के विभिन्न पहलुओं व डिजिटलीकरण के प्रयासों पर चर्चा की। पिचाई ने भारतीय दूतावास की अपनी यात्रा और बैठक को लेकर एक ट्वीट भी किया था। उन्होंने ट्वीट पोस्ट में लिखा, इस वार्ता के लिए राजदूत संधू का धन्यवाद।