बीएसएनएल ने लॉन्च किया प्री-पेड लैंडलाइन, 1 अगस्त से इंटरनेट टेलीफोनी सेवा भी

सार्वजनिक क्षेत्र की दूरसंचार कंपनी भारत दूरसंचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने दो बड़ी सेवाओं की शुरुआत की है। इसमें लैंडलाइन फोन में प्री-पेड सेवा भी शामिल है, जिसे महज 199 रुपये महीने के शुल्क पर रिचार्ज किया जा सकेगा, जबकि एक अगस्त से पीएसयू इंटरनेट टेलीफोनी की सेवा भी शुरू की जाएगी।
बीएसएनएल अब लैंडलाइन और मोबाइल में नई सेवाओं पर काम कर रही है। कंपनी इस क्षेत्र में निजी कंपनियों की बढ़त रोकने के लिए कई धमाकेदार प्लान भी जारी कर रही है। कंपनी के बयान के मुताबिक, लैंडलाइन फोन की कीमत 625 रुपये रखी गई है, लेकिन इसे लगाने का किसी तरह का शुल्क कंपनी द्वारा नहीं लिया जाएगा। शुरुआती प्लान का वाउचर 200 रुपये का होगा, जिसमें देशभर में किसी भी नेटवर्क पर अनलिमिटेड कॉल किया जा सकेगा।
इसके बाद ग्राहक 11 से लेकर 199 रुपये तक के विशेष टैरिफ प्लान ले सकता है, जिनकी अवधि एक से 30 दिन तक की होगी। जबकि टॉपअप वाउचर 10 से 200 रुपये तक लिया जा सकेगा, जो 10 से 300 रुपये तक का टॉकटाइम देगा। माना जा रहा है कि बीएसएनएल ने यह प्लान निजी क्षेत्र से प्रतिस्पर्धा के दौर में नए प्रयोग के तौर पर जारी किया है। इससे कंपनी के लैंडलाइन यूजर्स की संख्या में वृद्धि होगी। बता दें कि इससे पहले बीएसएनएल ने ब्रॉडबैंड यूजर्स के लिए चार नए प्लान जारी किए हैं।
एक अगस्त से इंटरनेट टेलीफोनी सेवा
दूसरी ओर, बीएसएनएल ने देश में अपनी इंटरनेट टेलीफोनी सेवाएं शुरू करने की घोषणा की है। इसे विंग्स कहा जाएगा। यह सेवा दूरसंचार नियामक ट्राई के पिछले साल अक्तूबर में वीओआईपी के कुछ दिशा-निर्देश को बदलने के बाद पेश की गई है। इन दिशा-निर्देशों को दूरसंचार विभाग द्वारा इस साल मई में मंजूर किया गया था। यह सर्विस वाई-फाई नेटवर्क पर सेल्यूलर कनेक्टिविटी के बिना यूजर्स को कॉल करने की अनुमति देगी।