क्या है जियो फोन मानसून हंगामा ऑफर और 501 रुपये में कैसे मिलेगा फोन

रिलायंस जियो ने अपनी वार्षिक आम समा में ब्रॉडबैंड और जियो फोन 2 की घोषणा की। साथ ही कहा कि पुराने जियो फोन को जल्द ही दुनिया के तीन बड़े ऐप यूट्यूब, फेसबुक और व्हाट्सऐप का तोहफा मिलेगा। यानी 1,500 रुपये वाले जियो फोन में भी आप व्हाट्सऐप चला सकेंगे। इसके लिए कंपनी जल्द ही अपडेट जारी करेगी। इवेंट के दौरान कंपनी ने मानसून हंगामा ऑफर भी लॉन्च किया जो 21 जुलाई 2018 से शुरू होने वाला है। तो आइए जानते हैं कि क्या है यह ऑफर और 501 रुपये में कैसे मिलेगा जियो फोन?
जियो का मानसून ऑफर

दरअसल जियो का यह मानसून ऑफर एक तरह से एक्सचेंज ऑफर है। जियो के मानसून ऑफर की शुरुआत 21 जुलाई से होगी और इस ऑफर के तहत किसी भी पुराने फोन के बदले जियो का 1,500 रुपये वाला जियो फोन 501 रुपये में दिया जाएगा। यानी आप किसी भी कंपनी का कोई भी पुराना फीचर फोन लाकर 501 रुपये के साथ जियो को दे सकते हैं और पिछले साल लॉन्च हुआ 1,500 रुपये वाला जियो फोन घर ले जा सकते हैं। ध्यान रहे कि आप पुराने जियो फोन को वापस करके नया जियो फोन नहीं ले सकते हैं। पुराना जियो फोन तीन साल बाद ही वापस होगा।
501 रुपये में कहां मिलेगा जियो फोन?

आप अपने किसी भी पुराने फीचर को लेकर नजदीक के जियो या रिलायंस स्टोर पर जा सकते हैं। इसके अलावा आप अधिकृत रिटेल स्टोर पर भी जाकर पुराने फीचर फोन को 501 रुपये के साथ एक्सचेंज करके 1,500 रुपये वाला जियो फोन खरीद सकते हैं।
इसके अलावा आपको बता दें कि अगर आप नया वाला जियो फोन लेना चाहते हैं तो आपको 15 अगस्त तक का इंतजार करना होगा और उसके बाद आप जियो फोन 2 को 2,999 रुपये में खरीद सकेंगे। जियो फोन 2 की खासियत यह है कि इसमें दो सिम का सपोर्ट मिलेगा जिसमें आप जियो के अलावा दूसरी कंपनी का भी सिम कार्ड इस्तेमाल कर सकेंगे।