खुशखबर: Airtel के इस प्लान में अब मिल रहा पहले से भी ज्यादा डाटा, इन ग्राहकों को होगा फायदा
खास बात यह है कि यह डाटा बिलकुल मुफ्त में मिलेगा। इसके लिए ग्राहकों को अलग से कोई शुल्क नहीं देना होगा। Airtel ने यह फायदा 249 रुपये वाले प्री-पेड प्लान के साथ दिया है।

विस्तार
एयरटेल ने अपने ग्राहकों को बड़ा तोहफा देते हुए एक प्लान के साथ रोज 500MB डाटा देने का एलान किया है। खास बात यह है कि यह डाटा बिलकुल मुफ्त में मिलेगा। इसके लिए ग्राहकों को अलग से कोई शुल्क नहीं देना होगा। Airtel ने यह फायदा 249 रुपये वाले प्री-पेड प्लान के साथ दिया है।
Airtel के 249 रुपये वाले प्री-पेड प्लान के साथ हर रोज 1.5GB डाटा मिलता है। इस प्लान की वैधता 28 दिनों की है। जियो के पास भी इसी कीमत में एक प्लान है जिसके साथ इस प्लान जैसी ही सुविधाएं मिलती हैं। वोडाफोन आइडिया के पास भी रोज 1.5 जीबी डाटा वाला प्लान है, लेकिन एयरटेल ने रोज 500 जीबी एक्सट्रा डाटा देकर सभी को पीछे छोड़ दिया है।
अब रोज मिलेगा 2 जीबी डाटा
इस ऑफर के साथ एयरटेल का यह प्लान अब रोज 2 जीबी डाटा वाला प्लान हो गया है। हर रोज मिलने वाले 500MB डाटा को एयरटेल थैंक्स एप के जरिए रिडीम किया जा सकता है। इस प्लान में एक महीने के लिए अमेजन प्राइम वीडियो का मोबाइल एडिशन भी मिल रहा है। साथ ही तीन महीने के लिए Apollo 24/7 का भी सब्सक्रिप्शन मिल रहा है और साथ में FASTag पर 100 रुपये का कैशबैक भी मिल रहा है।
गौरतलब है कि साल 2021 की दूसरी तिमाही के नतीजे के मुताबिक भारती एयरटेल का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2021-22 की जुलाई-सितंबर तिमाही में 1,134 करोड़ रुपये रहा है। इसके अलावा कंपनी ने कहा है कि उसके 4जी ग्राहकों में लगातार इजाफा हो रहा है जिसके उसके कारोबारी गतिविधियों में तेजी देखने को मिल रही है।
एयरटेल ने अपने एक बयान में कहा है कि एक साल पहले 2020-21 की इसी तिमाही में उसे 763.2 करोड़ रुपये का घाटा (एट्रीब्यूटेबल टू आनर्स ऑफ द पैरेंट) हुआ था, जबकि इस साल उसका मुनाफा तीन गुना बढ़ा है। दूसरी तिमाही के दौरान एयरटेल की एकीकृत आय सालाना आधार पर 13 फीसदी बढ़कर 28,326.4 करोड़ रुपये रही। कंपनी का कुल पूंजीगत व्यय सितंबर तिमाही में 6,972 करोड़ रुपये रहा।