UP: चिंता में पश्चिमी यूपी के किसान, गेहूं की फसल को हो सकता है नुकसान, पढ़िए ये खास रिपोर्ट
Meerut News : पश्चिमी यूपी के किसान चिंता में हैं। क्योंकि बदलते मौसम से गेहूं की फसल को नुकसान हो सकता है। पढ़िए अमर उजाला की यह खास रिपोर्ट।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पश्चिमी यूपी में तापमान बढ़ने से गेहूं की फसल झुलस सकती है। समय से पहले मौसम का गर्म होना और तापमान सामान्य से ऊपर जाने के साथ गेहूं की फसल को नुकसान हो सकता है। वर्तमान मौसम गेहूं की फसल के लिए अनुकूल नहीं है। ऐसे में उत्पादन और गेहूं की गुणवत्ता पर भी असर पड़ेगा।
पश्चिमी यूपी के किसान 15 से 20 जनवरी तक गेहूं की पछेती प्रजाति की बुवाई करते हैं। ऐसे में वर्तमान मौसम गेहूं की फसल के लिए अनुकूल नहीं है। गेहूं की फसल के लिए तापमान कम होना चाहिए और मौसम में नमी होनी चाहिए, लेकिन यहां फरवरी की शुरुआत से ही मौसम के तेवर तल्ख होने लगे हैं। इससे गेहूं की फसल पर संकट पैदा हो गया है। तापमान 26 डिग्री पर पहुंच गया है। ऐसे में दाना कमजोर हो जाएगा और फसल फूल की अवस्था में ही कमजोर पड़ जाएगी।
बताया गया कि बढ़ते तापमान के साथ गेहूं की फसल मुरझा भी सकती है। ऐसे मौसम को देखकर किसान और वैज्ञानिक चिंतित हैं। ऐसे में मौसम अगर आगे भी ऐसा ही रहा तो हालात और भी खराब होंगे। किसानों के खेतों में खड़ी गेहूं की फसल खराब हो जाएगी।
गर्मी के पड़ने से यह होगा नुकसान
- गेहूं की फसल इस समय फूल की अवस्था में है।
- अगर ज्यादा गर्मी पड़ेगी तो फसल मुरझा जाएगी।
- तेजी से तापमान बढ़ने से दाना कमजोर पड़ जाता है।
- तापमान में बढ़ोतरी से गेहूं की बढ़वार रुक जाती है।
- फसल की लंबाई छोटी होती है और वह जल्दी पक जाती है।
- गर्मी में गेहूं की गुणवत्ता और उसके उत्पादन पर भी असर पड़ता है।
गेहूं के लिए ये होना चाहिए तापमान
सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही का कहना है कि गेहूं की फसल के लिए वर्तमान मौसम अनुकूल नहीं है। बढ़ता तापमान तेजी से गेहूं की फसल को प्रभावित कर रहा है। वर्तमान में अधिकतम तापमान 18 से 22 डिग्री तक होना चाहिए, जबकि रात का तापमान पांच डिग्री से आठ डिग्री तक होना चाहिए। मौसम में नमी भी बहुत जरूरी है।
पिछले 9 दिन का तापमान
तारीख अधिकतम न्यूनतम
1 फरवरी 21.2 9.6
2 फरवरी 23.0 9.5
3 फरवरी 22.6 10.3
4 फरवरी 24.4 11.1
5 फरवरी 24.6 11.5
6 फरवरी 25.4 8.9
7 फरवरी 24.5 12.1
8 फरवरी 23.1 10.6
9 फरवरी 26.5 11.7
26 डिग्री के पार पहुंचा तापमान, गर्म रहा मौसम
मौसम में बदलाव के चलते बृहस्पतिवार को दिन का तापमान पहली बार 26 डिग्री के पार पहुंच गया। जिस कारण दिन में मौसम गर्म हो रहा है। 11 फरवरी से तीन दिन तक तेज हवा चलने से तापमान में गिरावट के आसार हैं।
मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 11.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई है। भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष का कहना है कि दिन का तापमान तेजी से बढ़ रहा है जो आगामी मौसम के लिए सही नहीं है। बृहस्पतिवार को दिन का तापमान सामान्य से चार डिग्री ज्यादा रहा, जबकि रात का तापमान सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया। दिन में मौसम साफ रहेगा।
बृहस्पतिवार को मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स 225 दर्ज किया गया। एक्यूआई में फिर से बढ़ोतरी हुई है। शहर का एक्यूआई 200 के ऊपर पहुंच गया है। जयभीमनगर का 212 और गंगानगर का 217 और पल्लवपुरम का 245 दर्ज किया गया।