फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   world updates us uk pakistan china myanmar australia russia middle east countries international news in hindi

World Updates: पाकिस्तान में फिर आया भूकंप, 5.5 की तीव्रता से महसूस किए गए झटके; जानें आज की अन्य अहम खबरें

Wed, 20 Mar 2024 07:52 PM IST
श्वेता महतो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: श्वेता महतो Updated Wed, 20 Mar 2024 07:52 PM IST
सार

पाकिस्तान के पश्चिमी हिस्से में बुधवार की सुबह 5.5 की तीव्रता से भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने इसकी जानकारी दी है। बता दें कि इससे पहले 17 फरवरी को भी पाकिस्तान में 4.7 की तीव्रता से भूकंप आया था। पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत स्थित ग्वादर पोर्ट अथॉरिटी कॉम्प्लेक्स पर आतंकियों ने हमला किया, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने मुंहतोड़ जवाब देते हुए दो आतंकियों को ढेर किया है।

विज्ञापन
world updates us uk pakistan china myanmar australia russia middle east countries international news in hindi
दुनिया की खबरें - फोटो : AMAR UJALA

विस्तार

पाकिस्तान के पश्चिमी हिस्से में बुधवार की सुबह 5.5 की तीव्रता से भूकंप के झटके महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने इसकी जानकारी दी है। बता दें कि इससे पहले 17 फरवरी को भी पाकिस्तान में 4.7 की तीव्रता से भूकंप आया था। मौसम विभाग के अनुसार जनवरी में पाकिस्तान के कुछ हिस्सों में 6.0  की तीव्रता से भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। 
विज्ञापन

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू का बुल्गारिया के राष्ट्रपति ने जताया आभार
बुल्गारिया के राष्ट्रपति रूमेन राडेव ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से बुधवार को फोन पर बात की। उन्होंने अगवा किए गए बुल्गारियाई जहाज और उसके चालक दल को भारतीय नौसेना द्वारा बचाए जाने के लिए आभार व्यक्त किया। राष्ट्रपति भवन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा, 'दोनों नेता साझा मूल्यों और हितों के आधार पर भारत-बुल्गारिया साझेदारी को और मजबूत करने पर सहमत हुए।'

गौरतलब है कि 16 मार्च को एक ऑपरेशन के जरिए भारतीय नौसेना से 2,600 किमी दूर पर स्थित जब्त जहाज से 35 सोमाली समुद्री लुटेरों को पकड़ा गया था। जिसके बाद 17 बंधकों को मुक्त करा लिया था। इस जहाज को पिछले साल दिसंबर में सोमालिया के तट से समुद्री लुटेरों ने अगवा कर लिया था।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो आतंकी ढेर
पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत स्थित ग्वादर पोर्ट अथॉरिटी कॉम्प्लेक्स पर आतंकियों ने हमला किया। जिसके बाद सुरक्षा बलों ने मुंहतोड़ जवाब देते हुए दो आतंकियों को ढेर किया है। घटना से पहले पोर्ट पर एक धमाका किया गया। 
 
विज्ञापन

अरुणाचल भारत का हिस्सा : अमेरिका
अमेरिका ने बुधवार को कहा कि अरुणाचल प्रदेश भारत का हिस्सा है और हमारी सरकार इसकी मान्यता देती है। अमेरिकी विदेश विभाग की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि चीन के साथ सीमा साझा करने वाले भारत के पूर्वोत्तर राज्य में चीन की ओर से किसी भी क्षेत्रीय दावों को आगे बढ़ाने के एकतरफा प्रयास का वह कड़ा विरोध करती है। परमाणु-सशस्त्र पड़ोसी चीन और भारत 3,000 किलोमीटर (1,860 मील) की सीमा साझा करते हैं। इसका अधिकांश भाग गलत तरीके से सीमांकित है। चीन अरुणाचल प्रदेश को दक्षिणी तिब्बत का हिस्सा बताता है।

वियतनाम के राष्ट्रपति थुओंग का इस्तीफा
वियतनाम के राष्ट्रपति वो वान थुओंग ने एक साल से अधिक समय तक पद पर रहने के बाद इस्तीफा दे दिया। उनका इस्तीफा भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान के तेज होने के बीच आया है। इस अभियान ने कम्युनिस्ट पार्टी को शीर्ष स्तर तक प्रभावित किया है। थुओंग (54) मार्च 2023 में राष्ट्रपति बने थे।

अमेरिका में लापता हुए हैदराबाद के छात्र के परिवार से मांगी फिरौती
अमेरिका में लापता हुए हैदराबाद के एक 25 वर्षीय छात्र अब्दुल मोहम्मद के परिवार से फिरौती मांगी गई है। अब्दुल क्लीवलैंड विवि में आईटी में पीजी कर रहा है। दोस्तों ने उसे आखिरी बार सात मार्च को देखा था। उसके पिता मोहम्मद सलीम ने बताया कि उस हफ्ते के आखिर में उन्हें एक अज्ञात नंबर से फोन आया था। फोन करने वाले ने दावा किया कि उन्होंने अब्दुल को अगवा किया है व सुरक्षित वापसी के लिए 99 हजार रुपये दें, अन्यथा अब्दुल की किडनी बेच देंगे।

सिंगापुर से 5,000 कछुए भारत भेजे, भारतीय के विरुद्ध आरोप पत्र
सिंगापुर की एक अदालत में एक भारतीय रफीक सैयद हारिजा अली हुसैन (40) के खिलाफ गत वर्ष 5,000 से अधिक कछुए सूटकेस में रखकर भारत भेजने को लेकर बुधवार को आरोप पत्र दायर किया है। हुसैन पर 5,160 कछुए सात नवंबर 2023 को चांगी हवाई अड्डे से तमिलनाडु के कोयंबटूर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे भेजने को लेकर वन्यजीव अधिनियम और पशु एवं पक्षी अधिनियम के तहत आरोप लगाए गए हैं। 

पाकिस्तान के पीएम और कैबिनेट मंत्री नहीं लेंगे वेतन
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और उनके मंत्रिमंडल ने देश की आर्थिक स्थिति को देखते हुए अपना वेतन व अन्य लाभ छोड़ने का सर्वसम्मति से फैसला किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, अनावश्यक खर्चों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से सरकार की मितव्ययिता नीतियों के तहत कैबिनेट बैठक के दौरान बुधवार को यह निर्णय लिया गया। कैबिनेट ने पहले ही सरकारी विदेशी यात्राओं पर रोक लगाने का प्रस्ताव पेश कर दिया है।

बुद्ध के पवित्र अवशेषों की प्रदर्शनी पर भारत का आभार : थाई दूत
भारत में थाईलैंड की राजदूत पट्टारत होंगटोंग ने थाईलैंड में भगवान बुद्ध के पवित्र अवशेषों की प्रदर्शनी के लिए भारत को धन्यवाद दिया। कहा, इस कदम से अधिक से अधिक थाई नागरिक भारत आने और अपनी जड़ों से दोबारा जुड़ने के लिए आकर्षित होंगे। प्रदर्शनी को ऐतिहासिक बताते हुए उन्होंने बैंकॉक-नई दिल्ली के सदियों पुराने संबंधों की भी सराहना की।

गूगल पर 27.2 करोड़ डॉलर का जुर्माना
फ्रांसीसी प्रतिस्पर्धा निगरानी संस्था ने गूगल पर देश के प्रकाशकों को उनकी खबरों के लिए भुगतान को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद से जुड़ा एक और बड़ा जुर्माना लगाया है। राष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा प्राधिकरण ने कहा कि उसने बातचीत के ढांचे में की गई कुछ प्रतिबद्धताओं का पालन करने में गूगल की विफलता के कारण उस पर 25 करोड़ यूरो (27.2 करोड़ डॉलर) का जुर्माना लगाया है। यह विवाद यूरोपीय संघ (ईयू) और दुनियाभर के अधिकारियों द्वारा गूगल व अन्य तकनीकी कंपनियों को सामग्री के लिए समाचार प्रकाशकों को मुआवजा देने के लिए मजबूर करने के एक बड़े प्रयास का हिस्सा है। 2020 में एक अदालत द्वारा उस आदेश को बरकरार रखने के बाद अमेरिकी तकनीकी दिग्गज को फ्रांसीसी प्रकाशकों के साथ बातचीत के लिए मजबूर होना पड़ा। इसमें कहा गया कि ईयू के 2019 कॉपीराइट निर्देश के अनुसार भुगतान जरूरी है। गूगल ने एक ब्लॉग पोस्ट में इस पर सहमति जताई है।

चर्चा के लिए जरूरी शर्तें स्थापित
फ्रांसीसी प्रतिस्पर्धा प्राधिकरण द्वारा बुधवार का निर्णय यूरोपीय संघ के कानूनी ढांचे का पालन करने में विफल रहने के लिए गूगल के खिलाफ कई वर्षों में चौथा निर्णय है। इसका उद्देश्य प्रेस, एजेंसियों, प्रकाशकों और डिजिटल प्लेटफॉर्मों के बीच संतुलित बातचीत के लिए आवश्यक शर्तें स्थापित करना है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed