World Updates: जापान में H-3 रॉकेट प्रक्षेपण; नवलनी की मौत पर जी-7 ने मांगी सफाई; ईरानी परिवार में 12 की हत्या
दिग्गज अफ्रीकी क्रिकेटर और आईसीसी के पूर्व मैच रेफरी माइक प्रॉक्टर का 77 साल की आयु में निधन हो गया। एक अन्य दुखद घटना नेपाल से सामने आई। माउंट एवरेस्ट के बेस कैंप के पास दो पर्यटकों की मौत हो गई। मृतकों में चीनी पुरुष और यूके की महिला पर्यटक शामिल है। इस खबर में दुनिया की बड़ी खबरों पर एक नजर
विस्तार
माउंट एवरेस्ट बेस कैंप के पास दो लोगों की मौत का मामला सामने आया है। आधिकारिक सूचना के मुताबिक मृतकों में चीनी पुरुष और एक यूके की महिला पर्यटक शामिल है। बताया जा रहा है कि दोनों की 18 हजार की ऊंचाई पर होने वाली सांस की तकलीफ के कारण जान गई है। 26 वर्षीय चीनी पर्यटक वोनिसवो डोंग बुधवार को एवरेस्ट बेस कैंप के पास गोरक्षेप में अपने होटल के कमरे में मृत पाये गये थे। डोंग ने काठमांडू से लुक्ला हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद ऊपर की ओर बढ़ते हुए एक रात बिताई थी। वहीं, यूके की 42 वर्षीय पर्यटक एलिजाबेथ डियारो लुक्ला के साथ ही यही हुआ था। फिलहाल, शवों को पोस्टमार्टम के लिए काठमांडू ले जाया जा रहा है, जैसा कि सोलुखुम्बु जिला पुलिस कार्यालय के पुलिस निरीक्षक अनिल कुमार मिश्रा ने पुष्टि की है।
दिग्गज क्रिकेटर माइक प्रॉक्टर का 77 साल की आयु में निधन
ऑलराउंडर क्रिकेटर रहे माइक प्रॉक्टर दक्षिण अफ्रीकी टीम के पहले कोच होने के अलावा इंग्लिश काउंटी ग्लॉस्टरशायर से भी जुड़े रहे। तेज गेंदबाज और हार्ड-हिटिंग बल्लेबाज की छवि रखने वाले प्रॉक्टर ने करियर में सात टेस्ट मैच खेले। हालांकि, रंगभेद के कारण दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर के तौर पर उनका अंतरराष्ट्रीय करियर लंबा नहीं चला। प्रॉक्टर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के मैच रेफरी के पैनल में भी रहे। प्रॉक्टर ने 401 प्रथम श्रेणी खेल खेले, जिसमें 36.01 की औसत से 48 शतक और 109 अर्द्धशतक के साथ 21,936 रन बनाए। उन्होंने 19.53 की औसत से 1,417 विकेट भी लिए।
जर्मनी में भारत और सऊदी के विदेश मंत्रियों की वार्ता, रणनीतिक साझेदारी पर वार्ता
चीनी समकक्ष से भी मिले जयशंकर
जयशंकर ने म्यूनिख सिक्योरिटी कॉन्फ्रेंस से इतर चीनी समकक्ष वांग यी से भी मुलाकात की। विदेश मंत्रालय ने बताया कि दोनों देशों के नेताओं के बीच काफी संक्षिप्त बातचीत हुई।
VIDEO | External Affairs Minister Dr S Jaishankar (@DrSJaishankar) had a brief interaction with his Chinese counterpart Wang Yi earlier today on the sidelines of the Munich Security Conference.#MunichSecurityConference pic.twitter.com/GLMdBnEDp4
— Press Trust of India (@PTI_News) February 17, 2024
जापान एयरोस्पेस एक्सप्लोरेशन एजेंसी (जाक्सा) ने शनिवार को अपने महत्वाकांक्षी एच-3 रॉकेट को सफलतापूर्वक लॉन्च किया। पिछले साल मार्च में इसका लॉन्च असफल हो गया था। मंगलवार को खराब मौसम की वजह से इसका लॉन्च कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था। अंतरिक्ष तक पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से जापान ने शक्तिशाली एच3 रॉकेट बनाया है। जापान चाहता है कि अंतरिक्ष सेटेलाइट लॉन्चिंग के वैश्विक बाजार में उसकी हिस्सेदारी बढ़े। एच3 रॉकेट को सरकारी और व्यावसायिक उपग्रहों को अंतरिक्ष में स्थापित करने और अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन तक पेलोड पहुंचाने के लिए डिजाइन किया गया है।
जी-7 ने नवलनी की मौत पर रूस से स्पष्टीकरण की मांग की
जी-7 के विदेश मंत्रियों ने शनिवार को रूस से राष्ट्रपति पुतिन के प्रतिद्वंद्वी एलेक्सी नवलनी की मौत की परिस्थितियों को पूरी तरह से स्पष्ट करने का आह्वान किया। जी-7 की अध्यक्षता कर रहे इटली की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि एलेक्सी नवालनी की हिरासत में मौत पर सभी आक्रोशित हैं। नवलनी को भ्रष्टाचार के खिलाफ उनकी लड़ाई के लिए अनुचित रूप से सजा सुनाई गई थी। रूस को उनकी मौत के बारे में रुख स्पष्ट करना चाहिए।
ईरान के केरमान प्रांत में एक युवक ने अपने परिवार के 12 सदस्यों की अंधाधुंध गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। घटना में तीन अन्य घायल हुए हैं। केरमान के पुलिस कमांडर नासिर फरशीद ने बताया कि घटना फरयाब काउंटी में स्थानीय समयानुसार सुबह 4:30 बजे की है। 25 वर्षीय एक शख्स ने एके-47 राइफल से अपने दो सौतेले भाइयों और उनके परिवार के सदस्यों की हत्या कर दी। फरशीद ने बताया कि आरोपी ने पारिवारिक मतभेदों के कारण इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान शुरू किया है।