फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   world update 9 feb global news Storm Marta kills many in Morocco Thailand Anutin s party Italy Congo

World: मोरक्को में तूफान मार्टा से चार लोगों की मौत; सत्तारूढ़ पार्टी शीर्ष पर, राजनीति में लौटेगी रूढ़िवादी

Mon, 09 Feb 2026 04:06 PM IST
देवेश त्रिपाठी वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला Published by: देवेश त्रिपाठी Updated Mon, 09 Feb 2026 04:06 PM IST
विज्ञापन
world update 9 feb global news Storm Marta kills many in Morocco Thailand Anutin s party Italy Congo
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
मोरक्को में तूफान मार्टा से कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई है। गौरतलब है कि देश बाढ़ से जूझ रहा है। स्थानीय अधिकारियों ने रविवार को बताया कि उत्तरी मोरक्को में तूफान के कारण आई अचानक बाढ़ में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। देश में कई दिनों से हो रही भारी बारिश और ओवरफ्लो हो चुके बांधों से पानी छोड़े जाने के कारण बड़े पैमाने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।
विज्ञापन


राजधानी रबात से लगभग 270 किलोमीटर उत्तर में स्थित टेटुआन के पास एक गांव में कार के बह जाने से तीन बच्चों (2 से 14 वर्ष की आयु की एक लड़की और दो लड़के) और 30 वर्ष की आयु के एक व्यक्ति की मौत हो गई। गृह मंत्रालय ने स्थानीय अधिकारियों के हवाले से एक बयान में यह जानकारी दी है। एक अन्य व्यक्ति अभी भी लापता है। स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि वे इस घटना की जांच शुरू करेंगे। मोरक्को के मौसम विज्ञान महानिदेशालय के हुसैन युआबेद ने एसोसिएटेड प्रेस को बताया कि मार्टा नामक तूफान के कारण अचानक बाढ़ आई, जो सप्ताहांत में मोरक्को में पहुंचा और उत्तरी शहरों में 92 मिमी तक बारिश हुई। तूफान मार्टा पड़ोसी देशों स्पेन और पुर्तगाल तक भी पहुंचा।
विज्ञापन


ब्रिटेन: प्रिंस एंड्रयू को लेकर दावों की जांच कर रही पुलिस
ब्रिटेन की थेम्स वैली पुलिस ने कहा है कि वह उन दावों का आकलन कर रही है कि पूर्व प्रिंस एंड्रयू ने यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन को गोपनीय रिपोर्टें भेजीं। थेम्स वैली पुलिस लंदन के पश्चिमी हिस्सों में कार्य करती है, जिसमें विंडसर कैसल के पास एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर का पूर्व आवास रॉयल लॉज भी शामिल है। पुलिस ने सोमवार को यह बयान जारी किया। 
विज्ञापन
विज्ञापन


नेपाल:  विरोध प्रदर्शन में अत्यधिक बल प्रयोग की जांच के लिए गठित समिति का कार्यकाल बढ़ाया गया
नेपाल सरकार ने पिछले साल ‘जेन-जेड’ विरोध प्रदर्शन के दौरान ‘अत्यधिक बल प्रयोग’ की जांच के लिए गठित आयोग का कार्यकाल सोमवार को 25 दिनों के लिए और बढ़ा दिया।

यह तीसरी बार है जब जांच आयोग की समय सीमा बढ़ाई गई है। आयोग के प्रवक्ता एवं सदस्य विज्ञान राज शर्मा ने कहा कि मंत्रिपरिषद की एक बैठक में समय सीमा 11 मार्च तक बढ़ाने का निर्णय लिया गया। आयोग का कार्यकाल बुधवार (11 फरवरी) को समाप्त हो रहा था।

पाकिस्तान: ईशनिंदा मामले में पूर्व सैन्य अधिकारी की सजा-ए-मौत रद्द 
पाकिस्तान की एक हाईकोर्ट ने ईशनिंदा मामले में एक पूर्व सैन्य अधिकारी को दी गई मौत की सजा रद्द कर दी है। कोर्ट ने कहा कि मामले में पर्याप्त सबूत नहीं हैं। इसलिए अधिकारी को बरी कर दिया जाए। इससे पहले एक सत्र कोर्ट ने कर्नल (सेवानिवृत्त) मोहम्मद आरिफ को मौत की सजा सुनाई थी। उन पर आरोप था कि उन्होंने रावलपिंडी शहर में पैगंबर के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। यह मामला दर्ज कराने वाला व्यक्ति दक्षिणपंथी तहरीक-ए-लब्बैक पाकिस्तान (टीएलपी) का कार्यकर्ता था।

कर्नल आरिफ के वकील इमरान मलिक ने बताया कि यह घटना 2024 की है। कर्नल आरिफ अपनी पत्नी के साथ लाल कुर्ती, रावलपिंडी के एक रेस्तरां में मौजूद थे। वहां चार युवकों ने उनकी पत्नी के साथ अभद्र व्यवहार किया। जब कर्नल आरिफ ने उन्हें रोका, तो उन युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज की। इसके बाद दोनों पक्षों में झड़प हो गई। कर्नल आरिफ ने कहा कि वह इस मामले की शिकायत सैन्य अधिकारियों से करेंगे। वकील ने बताया कि चारों युवकों में से एक कामरान प्रतिबंधित टीएलपी का पदाधिकारी था। इस डर के कारण कि सेना कार्रवाई कर सकती है, युवकों ने इस झगड़े को धार्मिक रंग दे दिया। इसके बाद कर्नल आरिफ के खिलाफ ईशनिंदा का मामला दर्ज कर दिया गया।
 

थाईलैंड : अनुतिन की पार्टी सबसे आगे लेकिन बहुमत से दूर
थाईलैंड के आम चुनाव में प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नवीराकुल की अगुवाई वाली भुमजैथाई पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, लेकिन अपने दम पर सरकार बनाना उसके लिए मुश्किल दिख रहा है। शुरुआती नतीजों के मुताबिक, करीब 90 फीसदी मतगणना पूरी होने तक पार्टी को 500 सदस्यीय प्रतिनिधि सभा में 195 सीटें मिली हैं। 

ओलंपिक विरोध के दौरान हिंसा मेलनी बोलीं-ये इटली के दुश्मन
मिलान। इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलनी ने मिलान विंटर ओलंपिक के विरोध में हुई हिंसा की कड़ी निंदा की है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को इटली का दुश्मन करार दिया। शनिवार रात मिलान में लगभग 10,000 लोग आवास और पर्यावरण के मुद्दों पर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान कुछ उपद्रवियों ने पुलिस पर हमला किया स को वाटर कैनन का इस्तेमाल करना पड़ा।

वेनेजुएला : राजनीतिक बंदियों की रिहाई के लिए जेल पर प्रदर्शन
वेनेजुएला की राजधानी काराकस में शनिवार को दर्जनों लोगों ने कुख्यात हेलिकॉइड जेल के बाहर प्रदर्शन कर अपने प्रियजनों की रिहाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों में विपक्षी नेताओं और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं के परिजन शामिल थे। हालांकि, सरकार ने पिछले महीने कैदियों को मुक्त करने का वादा किया था, लेकिन परिवारों ने रिहाई की धीमी गति को लेकर जेल के बाहर प्रदर्शन किया। कार्यकारी राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने इस जेल को बंद कर सांस्कृतिक केंद्र में बदलने का भी वादा किया है।

कैलिफोर्निया : लोगों पर चढ़ाई कार, बच्चों समेत चार घायल
कैलिफोर्निया के पहाड़ी शहर ट्रकी में शनिवार दोपहर एक 49 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी कार एक किराना भंडार के बाहर खड़े लोगों पर चढ़ा दी। इस घटना में बच्चों सहित चार लोग घायल हो गए, हालांकि उनकी चोटें जानलेवा नहीं हैं। पुलिस का मानना है कि आरोपी ने जानबूझकर पैदल यात्रियों और स्टोर को निशाना बनाया। पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया है, जो सैन जोकिन वैली का निवासी बताया जा रहा है।

सैनिकों को कांगो से वापस बुलाएगा दक्षिण अफ्रीका
दक्षिण अफ्रीका ने कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य में संयुक्त राष्ट्र के शांति मिशन से अपने सैनिकों को वापस बुलाने का फैसला किया है। राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा के कार्यालय ने बताया कि संसाधनों के पुनर्गठन की आवश्यकता के चलते यह कदम उठाया गया है। दक्षिण अफ्रीका पिछले 27 वर्षों से कांगो में शांति प्रयासों का समर्थन कर रहा है और वर्तमान में उसके 700 से अधिक सैनिक कांगो में तैनात हैं।

बांग्लादेश ने हादी हत्याकांड की जांच में यूएन से मांगी मदद
बांग्लादेश की अंतरिम सरकार ने छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच के लिए संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार कार्यालय से मदद मांगी है। इंकलाब मोर्चा के प्रवक्ता हादी (32) को चुनाव प्रचार के दौरान गोली मार दी गई थी। सिंगापुर में इलाज के दौरान हादी की 18 दिसंबर को मौत हो गई थी।

रूस : चाकू हमले में घायल भारतीयों से मिले दूतावास अधिकारी
रूस के एक विश्वविद्यालय में हुए हमले में घायल हुए चार भारतीय मेडिकल छात्रों की हालत स्थिर है। वे तेजी से ठीक हो रहे हैं। कजान के भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने रविवार को चारों छात्रों से अस्पताल में मुलाकात की व उनका हालचाल जाना।

हॉन्गकॉन्ग के मीडिया दिग्गज जिमी लाई को 20 साल की जेल

हॉन्गकॉन्ग में लोकतंत्र समर्थक और पूर्व मीडिया दिग्गज जिमी लाई को 20 साल जेल की सजा सुनाई गई है। जिमी लाई चीन के कट्टर विरोधी माने जाते हैं और उन्हें यह सजा चीन के विवादित राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत ही सुनाई गई है। जिमी लाई को बीते साल दिसंबर में विदेशी ताकतों के साथ मिलकर साजिश रचने और बगावत करने का दोषी ठहराया गया था। जिमी लाई एपल डेली न्यूजपेपर के मालिक थे, लेकिन अब यह अखबार बंद हो चुका है। जिमी लाई के साथ ही इस अखबार के छह पूर्व कर्मचारियों और दो सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी साजिश रचने के आरोप में छह साल की सजा सुनाई गई है। 

थाईलैंड चुनाव: सत्तारूढ़ पार्टी शीर्ष पर, राजनीति में लौटेगी रूढ़िवादी
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नवीराकुल की सत्तारूढ़ भुमजैथाई पार्टी आम चुनाव में सर्वाधिक सीटें जीतने की ओर अग्रसर है। सोमवार को लगभग 94% मतदान केंद्रों के नतीजों के बाद देश के निर्वाचन आयोग ने अनाधिकारिक परिणामों में कहा, यह पिछले कई वर्षों में किसी रूढ़िवादी दल की पहली निर्णायक जीत मानी जा रही है। रविवार को चुनाव ऐसे समय में हुए जब देश की आर्थिक वृद्धि धीमी और राष्ट्रवादी भावनाएं उफान पर हैं।

थाईलैंड में मतदान लगभग 65% दर्ज किया गया, जो 2023 के चुनावों की तुलना में काफी कम है। निर्वाचन आयोग ने कहा, आंकड़ों के अनुसार, 500 सदस्यीय प्रतिनिधि सभा में भुमजैथाई पार्टी को करीब 193 सीटें मिल सकती हैं। सदन में 400 सदस्य प्रत्यक्ष रूप से निर्वाचन क्षेत्रों से चुने जाते हैं, जबकि 100 सदस्य पार्टी सूची में से मनोनयन प्रणाली के तहत चुने जाते हैं। पीएम के चुनाव के लिए 251 सीटों का साधारण बहुमत जरूरी होता है। आंकड़ों से संकेत मिलता है कि भुमजैथाई पार्टी को सरकार गठन के लिए एक या दो सहयोगी दलों की जरूरत पड़ेगी, जिसके बाद अनुतिन के दोबारा प्रधानमंत्री बनने की संभावना है।

पूर्व पीएम शिनावात्रा की पार्टी तीसरे स्थान पर
प्रगतिशील पीपुल्स पार्टी को सबसे अधिक सीटें मिलने का अनुमान लगाया जा रहा था, लेकिन वह 118 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रही। पार्टी ने बैंकॉक की सभी सीटों और आसपास के प्रांतों में बहुमत हासिल किया। पार्टियों के कुल मतों में भी पीपुल्स पार्टी को भुमजैथाई से लगभग 38 लाख अधिक वोट मिले। पूर्व पीएम थाकसिन शिनावात्रा की फ्यू थाई पार्टी 74 सीटों के साथ तीसरे स्थान पर रही। इसे सबसे निराशाजनक प्रदर्शन माना जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed