Updates: भारतीय-अमेरिकी डॉक्टर को राहत, विमान में बच्ची के बगल में अश्लील हरकत करने का था आरोप
डॉ. सुदीप्त मोहंती बोस्टन में बेथ इस्राइल डेकोनेस मेडिकल सेंटर के प्राथमिक देखभाल चिकित्सक हैं। उन पर मई 2022 में होनोलूलू से बोस्टन के लिए हवाईयन एयरलाइंस की उड़ान में अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया गया था।
विस्तार
अमेरिका में भारतीय-अमेरिकी डॉक्टर को कोर्ट ने दोषी नहीं पाया है। उन पर विमान में 14 वर्षीय लड़की के बगल में अश्लील हरकत करने का आरोप था। रिपोर्ट के अनुसार, 33 वर्षीय डॉ. सुदीप्त मोहंती को बोस्टन की कोर्ट में तीन दिन की सुनवाई के बाद बुधवार को बरी कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, डॉ. सुदीप्त मोहंती बोस्टन में बेथ इस्राइल डेकोनेस मेडिकल सेंटर के प्राथमिक देखभाल चिकित्सक हैं। उन पर मई 2022 में होनोलूलू से बोस्टन के लिए हवाईयन एयरलाइंस की उड़ान में अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया गया था।
अखबार की रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने एक लिखित बयान में कहा कि मुझ पर ऐसा आरोप कैसे लगा? यह अब तक मैं समझ नहीं पाया हूं। उस फ्लाइट में मेरी मंगेतर भी मेरे बगल में बैठी थी। हममें से कोई भी यह नहीं समझ पाया कि हमारे साथ ऐसा क्यों हुआ। मैंने एक चिकित्सक के रूप में दूसरों की देखभाल करने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया है और इन झूठे आरोपों से निपटने के दौरान मेरा पद छोड़ना हृदयविदारक रहा है।
बताया गया कि नाबालिग ने उन पर अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया था। बच्ची का कहना था कि व्यक्ति ने खुद को गर्दन तक खुद को कंबल से ढका हुआ था। इसके बाद वह अश्लील हकत करने लगा। ऐसे में उसे कुछ ठीक नहीं लगा और वह पास की एक खाली सीट पर चली गई। विमान के बोस्टन में उतरने के बाद उसने अपने दादा-दादी को इस बारे में बताया और पुलिस से संपर्क किया।
जॉर्जिया में मैकएचेर्न हाईस्कूल में गोलीबारी, दो घायल
इस बीच जॉर्जिया में कोब काउंटी के मैकएचेर्न हाईस्कूल में गोलीबारी में दो लोगों घायल हुए हैं। कॉब काउंटी पुलिस ने बताया कि पीड़ित वहां के छात्र नहीं हैं। घटना कैंपस के पार्किंग में हुई और गोलीबारी में मैकएचेर्न के किसी भी छात्र को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
उत्तर कोरिया ने पश्चिमी तट से दागी कई क्रूज मिसाइलें
दक्षिण कोरियाई सेना के हवाले से बताया गया है कि उत्तर कोरिया ने शुक्रवार को पश्चिमी तट से कई क्रूज मिसाइलें दागीं। यह इस साल ऐसी चौथी घटना है। जो इस साल का चौथा क्रूज मिसाइल प्रक्षेपण है। ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ (जेसीएस) के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 11 बजे पश्चिमी तट से उत्तर कोरिया की हरकत की खबर आई। मिसाइलों की संख्या के बारे में अभी जानकारी नहीं आई है।
नैरोबी में भीषण गैस विस्फोट के बाद 3 की मौत, 270 से अधिक घायल
केन्या की राजधानी नैरोबी में एक गैस से भरे ट्रक में विस्फोट होने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई। इतना ही नहीं हादसे में 270 से अधिक लोग घायल भी हो गए हैं। केन्याई सरकार के प्रवक्ता इसहाक मावौरा ने भी इस बारे में जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि विस्फोट के कारण आस-पास के इलाके में आग फैल गई। जिसके बाद आनन-फानन में लगभग 222 लोगों को राजधानी के विभिन्न अस्पतालों में ले जाया गया।
भारत ने संयुक्त राष्ट्र को किया 273 करोड़ रुपये का भुगतान
भारत ने 2024 के लिए संयुक्त राष्ट्र के नियमित बजट में 32.89 मिलियन डॉलर (लगभग 273 करोड़ रुपये) का भुगतान किया है। भारत उन 36 सदस्य देशों की सूची में शामिल हो गया है, जिन्होंने संयुक्त राष्ट्र को समय पर अपने नियमित बजट का पूरा भुगतान किया है। संयुक्त राष्ट्र समिति ने कहा कि 31 जनवरी तक भारत समेत 36 सदस्य देशों ने नियत अवधि के भीतर अपने नियमित बजट आकलन का पूरा भुगतान कर दिया है। महासचिव एंटोनियो गुटेरेस के प्रवक्ता ने कहा कि तय समय के भीतर भुगतान के लिए नई दिल्ली में अपने दोस्तों को धन्यवाद देते हैं।