World News: सात साल से सीरिया की कैद में US के डॉक्टर की मौत; सऊदी के क्राउन प्रिंस और अमेरिकी NSA की मुलाकात
सात साल पहले सीरिया में हिरासत में लिए गए अमेरिकी चिकित्सक माजद कमालमाज की मौत हो गई। ब्रिंग अवर फैमिलीज होम कैंपेन नामक संस्था के प्रवक्ता जोनाथन फ्रैंक्स ने कहा, दुख की बात है कि बिना किसी आरोप के उन्हें जेल में डाल दिया गया था। हो सकता है कि सीरियाई जेल में उन्हें यातनाएं भी दी गई हों। इस दौरान एक बार भी उन्हें परिवार से मिलने नहीं दिया गया। वह दयालु, प्यार करने वाला और देखभाल करने वाले व्यक्ति थे। मूल रूप से टेक्सास के रहने वाले और पेशे से मनोचिकित्सक कमालमाज को 2017 में दमिश्क में एक चेकपॉइंट पर हिरासत में लिया गया था।
US के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार व सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस की मुलाकात
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जैक सुलीवान ने रविवार को सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से मुलाकात की। सऊदी अरब ने इस दौरान हुई चर्चा को दोनों देशों के बीच व्यापक सुरक्षा समझौते को 'सेमी-फाइनल' बताया है। सऊदी अरब ने सरकारी सऊदी प्रेस एजेंसी ने इसकी घोषणा की। इससे पहले हमास की ओर से पिछले वर्ष सात अक्तूबर को इस्राइल पर किए गए हमले के कारण रणनीतिक समझौता नहीं हो सका था। हमास के हमले में 1,200 लोगों की मौत हो गई थी और करीब 250 लोगों को बंधक बना लिया था।
सात माह बाद मिला इस्राइली लड़की का शव
इस्राइली रक्षा बल (आईडीएफ) ने शानी लाउक का गाजा से शव बरामद किया है। हमास आतंकी 23 वर्षीय शानी को बीते सात अक्तूबर को अगवा कर गाजा ले गए थे। उसकी हत्या करने बाद उसके शव से क्रूरता की थी। उसके अर्द्धनग्न शरीर को एक पिकअप ट्रक पर रखकर परेड कराते हुए वीडियो भी बनाया था। माता-पिता ने हाथ पर बने टैटू से बेटी की पहचान की थी। हालांकि, इसके बाद भी पता नहीं चल पाया था कि वह जिंदा है या नहीं। आईडीएफ ने बीते सप्ताह उसका शव परिवार को सौंप दिया। शव देखने के बाद उसके पिता ने कहा, वह अभी जिंदा है। उसका शव 7 महीने बाद भी पूरी तरह सुरक्षित था। शानी के पिता निसिम ने कहा, उसका शव मिलना किसी चमत्कार से कम नहीं है।
पाकिस्तान में नकल कराने वाले गिरोह ने महिला पत्रकार को पीटा
पाकिस्तान में परीक्षा केंद्रों पर नकल कराने वाले लोगों के एक समूह ने महिला पत्रकार की पिटाई कर दी। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पुलिस ने स्कूल मालिक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि कराची में मैट्रिकुलेशन परीक्षाएं गंभीर अनियमितताओं के साथ आयोजित की जा रही हैं। महिला पत्रकार उसकी कवरेज के लिए वहां पहुंची थीं। सिंध के गृह मंत्री जियाउल हसन लंजर और विश्वविद्यालयों और बोर्ड के मंत्री मुहम्मद अली मलकानी ने संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है।
इडाहो में कार हादसा: 6 लोगों की मौत, 10 घायल
अमेरिका के इडाहो में एक बड़ी यात्री वैन और पिकअप की टक्कर होने से छह लोगों की मौत हो गई और 10 लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा शनिवार को इडाहो फॉल्स में यूएस हाईवे 20 पर हुआ। पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब साढ़े पांच बजे पूर्व की तरफ जाने वाली एक पिकअप यातायात की मध्य रेखा को पार कर गई और पश्चिम की तरफ जाने वाली एक यात्री वैन से टकरा गई। वैन चालक और पांच यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
डिजिटल संपर्क के जरिये मजबूत हुए भारत-श्रीलंका संबंध: झा
श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त संतोष झा ने दोनों देशों के बीच मजबूत द्विपक्षीय संबंधों रेखांकित किया और इसकी महत्वाकांक्षी प्रकृति पर जोर दिया। उन्होंने ऊर्जा, डिजिटल संपर्क के क्षेत्र में अहम प्रगति का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि फोनपे व लंकापे की साझेदारी के कारण श्रीलंका में यूपीआई के माध्यम से भुगतान की सुविधा मिली है।
आईएमईईसी पर सक्रिय हुई मोदी सरकार
ईरान के साथ चाबहार बंदरगाह को लेकर हुए दीर्घकालिक समझौते के बाद मोदी सरकार भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे (आईएमईईसी) से जुड़ी परियोजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए सक्रिय हो गई है। 15 से 17 मई के दौरान इस सिलसिले में भारत का एक अंतर मंत्रालयी प्रतिनिधिमंडल दुबई पहुंचा, जहां इस परियोजना से जुड़े यूएई के अहम साझेदारों से आईएमईईसी के संचालन सहयोग पर अंतर सरकारी फ्रेमवर्क के तहत बातचीत की गई।
यूएई के साझेदारों से मिले अंतर- मंत्रालयी अधिकारी
भारतीय दूतावास ने कहा, भारत-मध्य पूर्व- यूरोप आर्थिक गलियारा दक्षता पैदा करने और लागत कम करने के लिए प्रभावी वैकल्पिक मार्ग प्रदान करेगा। यूएई में भारत के अंतर-मंत्रालयी प्रतिनिधिमंडल ने राजदूत संजय सुधीर के नेतृत्व में डीपी वर्ल्ड यूएई, एडी पोर्ट्स ग्रुप और यूएई के फेडरल कस्टम अथॉरिटी जैसी प्रमुख संस्थाओं के साथ चर्चा की। भारतीय प्रतिनिधिमंडल में जहाजरानी, बंदरगाह और जलमार्ग मंत्रालय, वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय, केंद्रीय उत्पाद शुल्क और सीमा शुल्क बोर्ड और दीनदयाल उपाध्याय बंदरगाह, कांडला के अधिकारी शामिल थे।
वियतनाम: सत्तारूढ़ पार्टी ने अगले राष्ट्रपति के लिए की मंत्री टू लाम के नाम की घोषणा
वियतनाम की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी ने सार्वजनिक सुरक्षा मंत्री टू लाम को देश का अगला राष्ट्रपति बनाने की घोषणा की है। उनके पूर्ववर्ती ने भ्रष्टाचार विरोधी कार्रवाई के हिस्से के रूप में राष्ट्रपति का पद छोड़ दिया था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पार्टी की केंद्रीय समिति की मंजूरी के बाद राष्ट्रपति पद के लिए टू लाम के नाम पर फैसला लिया गया।
नॉर्वे के केंद्रीय बैंक ने अदाणी पोर्ट को काली सूची में डाला; वियतनाम में चुने गए राष्ट्रपति; नाम का एलान सत्तारूढ़ दल ने किया
यूरोपीय देश नॉर्वे के केंद्रीय बैंक ने भारत के अदाणी पोर्ट्स समेत तीन कंपनियों को सरकारी पेंशन फंड से ब्लैक लिस्ट कर दिया है। नैतिकता संबंधी चिताओं की वजह से यह फैसला किया गया है। नॉर्वे के केंद्रीय बैंक नोर्जिस बैंक ने कहा कि वह कंपनी को अपने पेंशन फंड की लिस्ट से बाहर निकल रही है, क्योंकि किसी युद्ध या विवाद की स्थिति में कंपनी इंडिविजुअल राइट्स के गंभीर उल्लंघन के मामलों में लिप्त है। नोर्जिस बैंक ने अन्य दो कंपनियों में अमेरिका की एल3 हैरिस टेक्नोलॉजी और चीन की वाईचाई पावर जैसी कंपनियों को भी काली सूची में डाला है।
श्रीलंका: सरयू जल की रथ यात्रा सीता अम्मन मंदिर को हुई रवाना
श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त संतोष झा ने देश के सांसदों के साथ मयूरपति श्री बद्रकाली अम्मन कोविल से पवित्र सरयू जल की रथयात्रा शुरू की। आध्यात्मिक महत्व से जुड़े इस औपचारिक कार्यक्रम में भारत के अयोध्या में सरयू नदी का पवित्र जल, सीता एलिया स्थित सीता अम्मन मंदिर के लिए यात्रा का शुभ प्रतीक बताया गया। झा न कोलंबो से सरयू जल की रथयात्रा को हरी झंडी दिखाई। भारतीय उच्चायुक्त ने कहा, प्राचीन परंपराओं और दैवीय श्रद्धा से गूंजता यह कार्यक्रम भारत-श्रीलंका के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंधों का प्रतीक है। संतोष झा ने कहा, इस पवित्र जल का उपयोग सीता एलिया में सीता अम्मन मंदिर के कुंभाभिषेक के लिए किया जाएगा। सरयू जल हिंदू पौराणिक कथाओं में पवित्रता के लिए पूजनीय है और धार्मिक अनुष्ठानों में काफी महत्व रखता है।
सिंगापुर : भारतवंशी पर संसद व राष्ट्रपति से धोखाधड़ी के आरोप
भारतीय मूल के एक व्यक्ति पर अपनी गलत पहचान बताकर राष्ट्रपति कार्यालय, राष्ट्रीय विकास मंत्रालय और संसद को ई-मेल भेजकर धोखाधड़ी करने के आरोप लगाए गए हैं। अदालत में 17 मई को पेश हुए 14 वर्षीय प्रकाश परमाशिषम ने खुद को सिंगापुर जेल सेवा स्टाफ का सदस्य बताते हुए राष्ट्रपति थर्मन षणमुगरत्नम, राष्ट्रीय विकास मंत्री डेसमंड ली और संसद को ईमेल भेजे। इस मामले में अगली कार्यवाही 20 जून को होगी।
पाकिस्तान: लाहौर में हादसा, एक ही परिवार के 14 लोगों की मौत
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में शनिवार को एक मिनी ट्रक सड़क से फिसलकर खड्ड में गिर गया। घटना में पांच बच्चों ग्रहित एक ही परिवार के 14 लोगों की मौत हो गई और घायल हो गए। घायलों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। वाहन खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के बन्नू जिले से पंजाब के खुशाब जिले की ओर आ रहा था, तभी यह हादसा हुआ। मृतक और घायल एक बड़े परिवार से थे जो मजदूरी के काम के लिए खुशाब आ रहे थे।
4 भारतीयों समेत 6 पर वीजा के लिए नकली डकैती के आरोप लगे
अमेरिका में चार भारतीयों समेत छह लोगों पर आरोप है कि उन्होंने शिकागो व उसके उपनगरी में सशस्त्र नकली डकैतियों की साजिश रची, ताकि कथित पीड़ित, अमेरिका में कुछ अपराध पीड़ितों के लिए आरक्षित आव्रजन वीजा के लिए आवेदन कर सकें। साजिश में भीखाभाई पटेल (51), नीलेश पटेल (32), रवीनाबेन पटेल (23) और रजनी कुमार पटेल (32) के अलावा पार्थ नायी (26) व केवोंग यंग (31) शामिल हैं।
अमेरिका ने किया सब-क्रिटिकल परमाणु परीक्षण
अमेरिकी ऊर्जा मंत्रालय के राष्ट्रीय परमाणु सुरक्षा प्रशासन ने कहा कि अमेरिका ने इस सप्ताह की शुरुआत में नेवादा में एक सब-क्रिटिकल परमाणु परीक्षण किया। राष्ट्रीय परमाणु सुरक्षा प्रशासन ने कहा। बाइउन प्रशासन ने मंगलवार को तीसरा प्रयोग, देश के एटमी हथियारों के संबंध में 'जरूरी डाटा जुटाने' के लिए किया। इस प्रयोग में धमाका भी नहीं होता है। निंबले श्रृंखला के तहत यह पहला प्रयोग लॉरेंस लिवरमोर नेशनल लेबोरेटरी के साथ साझेदारी में प्रिंसिपल अंडरग्राउंड लेबोरेटरी फॉर सबक्रिटिकल एक्सपेरिमेंटेशन सुविधा में निष्पादित किया गया। परमाणु विस्फोटक इस्तेमाल किए बिना, एटमी हथियारों की सुरक्षा व प्रभावशीलता का समर्थन करने के लिए यह टेस्ट किया गया।
स्लोवाकिया में घायल प्रधानमंत्री की हालत स्थिर
स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री पर हुए जानलेवा हमले के बाद उनकी तबियत से जुड़ा अपडेट सामने आया है। पीएम रॉबर्ड फिको की हालत गंभीर लेकिन स्थिर बताई जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक कई गोलियां लगने से बुरी तरह घायल हुए फिको का इलाज कर रहे डॉक्टरों ने शनिवार को दो घंटे की सर्जरी की। ऑपरेशन सफल रहा और उनकी सेहत में सुधार होने के संकेत मिल रहे हैं। दूसरी तरफ उनकी हत्या का प्रयास करने वाले आरोपी को पहली बार स्थानीय अदालत में पेश किया गया।
मिस्र ने गाजा से लगे सभी इस्राइली क्रॉसिंग को तत्काल खोलने की अपील की
मिस्र के विदेश मंत्री समेह शौकरी ने कहा कि इस्राइल और गाजा पट्टी के बीच जमीन से जुड़े सभी क्रॉसिंग को मानवीय सहायता और राहत सामग्री की पूर्ण, सुरक्षित और निर्बाध पहुंच के लिए तत्काल खोला जाना चाहिए। शुक्रवार को जारी मिस्र के विदेश मंत्रालय के बयान के मुताबिक शौकरी ने सिग्रीड काग के साथ फोन कॉल पर बातचीत के दौरान यह टिप्पणी की। कॉल के दौरान, दोनों पक्षों ने रफाह में इस्राइली सैन्य अभियानों के कारण गहराते मानवीय संकट पर भी चर्चा की। बता दें कि संयुक्त राष्ट्र ने वरिष्ठ मानवतावादी सिग्रीड काग को गाजा के लिए और पुनर्निर्माण समन्वयक नियुक्त किया है।