Updates: छह महीने बाद धरती पर सकुशल वापस लौटे तीन चीनी अंतरिक्ष यात्री; उत्तर कोरिया ने किया मिसाइल परीक्षण
चीन मानवयुक्त अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा कि मौके पर मौजूद चिकित्सा कर्मचारियों ने पुष्टि की है कि अंतरिक्ष यात्री अच्छी स्थिति में हैं। तीनों अंतरिक्ष यात्री 183 दिनों तक कक्षा में रहे। उन्होंने तीन बार अंतरिक्ष में चहलकदमी की। चालक दल ने 17 दिसंबर 2024 को अपनी पहली अतिरिक्त गतिविधि के दौरान यह रिकार्ड बनाया, जो नौ घंटे तक चली। तीनों अंतरिक्ष यात्रियों को अक्टूबर में तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन के लिए रवाना किया गया था। उन्होंने मंगलवार को स्टेशन का नियंत्रण नए चालक दल को सौंप दिया, जो हाल ही में उनका स्थान लेने के लिए वहां पहुंचे हैं।
उत्तर कोरिया ने अपने नए प्रक्षेपित विध्वंसक पोत से मिसाइलों का परीक्षण किया
उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने बुधवार को कहा कि उन्होंने नव प्रक्षेपित विध्वंसक पोत से मिसाइलों का पहला परीक्षण देखा और अपनी नौसेना की परमाणु हमले की क्षमताओं को बढ़ाने के लिए प्रयासों में तेजी लाने का आह्वान किया। किम ने कहा कि यह उनकी परमाणु-सशस्त्र सेना की परिचालन सीमा और पूर्व-आक्रमण क्षमताओं का विस्तार करने के उनके लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रगति है। किम ने सुपरसोनिक और रणनीतिक क्रूज मिसाइलों, विमान भेदी मिसाइल, स्वचालित बंदूकों और इलेक्ट्रॉनिक जैमिंग गनों के परीक्षणों को देखा।
इराकी युवक पर 2020 अमेरिकी चुनाव में अवैध मतदान करने का आरोप
न्यूयॉर्क में रहने वाले एक इराकी व्यक्ति पर 2020 के चुनाव में अवैध रूप से मतदान करने का आरोप लगाया गया है। चार्जशीट के मुताबिक 45 वर्षीय अकील अब्दुल जमील अल्बानी से लगभग 50 मील (80 किलोमीटर) उत्तर में, साउथ ग्लेन्स फॉल्स में रह रहे थे। उन्होंने साराटोगा काउंटी में मतदान किया। जबकि वे यह जानते थे कि वे संयुक्त राज्य अमेरिका के नागरिक नहीं हैं। एफबीआई के अल्बानी फील्ड कार्यालय के प्रभारी विशेष एजेंट क्रेग ट्रेमरोली ने कहा कि चुनाव सुरक्षा एफबीआई की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा प्राथमिकताओं में से एक है और रहेगी। न्याय विभाग ने कहा कि अमेरिकी चुनावों में केवल अमेरिकी नागरिक ही मतदान कर सकते हैं। DOGE के साथ हमारी साझेदारी की बदौलत न्याय विभाग ने 2020 के चुनाव में अवैध मतदान के लिए एक इराकी व्यक्ति पर आरोप लगाया है।
चेन्नई के अस्पताल में पाकिस्तानी युवक की मौत
चेन्नई के एमजीएम हेल्थकेयर अस्पताल में 25 अप्रैल को इलाज के दौरान 23 वर्षीय पाकिस्तानी व्यक्ति सैयद आर्यन शाह की मौत हो गई। उसे दिल और फेफड़ों की गंभीर बीमारी थी, जिसके चलते उसे लाइफ सपोर्ट पर रखा गया था। पहलगाम हमले के बाद उसकी मां ने सरकार से बेटे के शव को पाकिस्तान लाने के लिए मदद की अपील की थी। जिसके बाद मंगलवार को शाह का शव चेन्नई से पाकिस्तान के कराची पहुंचा।
सीरिया में सांप्रदायिक झड़पों में 10 लोगों की मौत
सीरिया की राजधानी दमिश्क के पास एक इलाके में सरकार समर्थकों और अल्पसंख्यक ड्रूज समुदाय के लोगों के बीच झड़प हो गई। इसमें कम से कम 10 लोगों की जान चली गई। यह जानकारी एक निगरानी संस्था और एक कार्यकर्ता समूह ने दी है। सीरियाई ड्रूज बंदूकधारियों ने हाल के हफ्तों में दमिश्क के दक्षिणी उपनगर जरामाना में सरकारी सुरक्षा बलों और सरकार समर्थक बंदूकधारियों के साथ झड़प की है। मंगलवार देर रात, सरकारी प्रतिनिधियों और जरामाना के गणमान्य लोगों ने लड़ाई को समाप्त करने, पीड़ितों के परिवारों को मुआवजा देने और अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए एक समझौता किया। यह तुरंत स्पष्ट नहीं था कि यह संघर्ष विराम लंबे समय तक चलेगा या नहीं।
ट्रंप ने बर्खास्त किए यूएस होलोकॉस्ट मेमोरियल काउंसिल के कई लोग
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूएस होलोकॉस्ट मेमोरियल काउंसिल से पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन द्वारा चुने गए कई लोगों को बर्खास्त कर दिया है। इनमें पूर्व उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के पति डग एमहॉफ भी शामिल हैं। यहूदी डग एमहॉफ ने बाइडन सरकार में यहूदी विरोधी घटनाओं से निपटने के लिए प्रयासों का नेतृत्व किया था। उन्होंने ट्रंप की कार्रवाई की आलोचना की और कहा कि होलोकॉस्ट स्मरण और शिक्षा का कभी भी राजनीतिकरण नहीं किया जाना चाहिए। एमहॉफ ने कहा कि इतिहास की इतनी भयानक घटना को राजनीतिक मुद्दा बनाना बहुत खतरनाक है और यह उन यहूदियों की याद का अपमान है जिन्हें नाजियों ने मारा था।
बौद्धिक संपदा संरक्षण उल्लंघन को लेकर भारत फिर अमेरिका की निगरानी सूची में
बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर) संरक्षण उल्लंघन को लेकर भारत को अमेरिका ने एक बार फिर अपनी 'प्राथमिकता निगरानी सूची' में डाल दिया है। अमेरिका ने भारत को आईपीआर के संरक्षण एवं अनुपालन के लिहाज से सबसे चुनौतीपूर्ण प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक बताते हुए यह कदम उठाया है।
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) की रिपोर्ट में कहा गया कि पिछले एक साल में आईपीआर के संरक्षण और प्रवर्तन के मामले में भारत की प्रगति संतोषजनक नहीं रही है। हालांकि, रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि भारत ने अपनी बौद्धिक संपदा प्रणाली को मजबूत करने के लिए काम किया है, लेकिन लंबे समय से चली आ रही कई आईपी चिंताओं पर अब भी खास प्रगति नहीं हो पाई है। भारत आईपी के संरक्षण और प्रवर्तन के संबंध में दुनिया की सबसे चुनौतीपूर्ण प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में से एक बना हुआ है। पेटेंट मुद्दे भारत में विशेष चिंता का विषय बने हुए हैं। भारत में आवेदकों को आमतौर पर पेटेंट पाने के लिए लंबा इंतजार और अत्यधिक रिपोर्टिंग प्रावधानों का सामना करना पड़ता है।
अपनी गिरफ्तारी को गैरकानूनी बता कोर्ट पहुंचा चोकसी
पीएनबी घोटाले में मुख्यारोपी व भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी ने जमानत अर्जी खारिज होने के बाद अब उसकी गिरफ्तारी को बेल्जियम की अपीलीय कोर्ट में चुनौती दी है। उसका दावा है कि अधिकारियों ने उसकी गिरफ्तारी में प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के साथ उसके मौलिक अधिकारों का भी उल्लंघन किया। अदालत ने मेहुल की याचिका पर सुनवाई फिलहाल टाल दी है। मेहुल ने वकील विजय अग्रवाल की तैयार नई याचिका को बेल्जियम के वकीलों की टीम के जरिये अदालत में पेश किया। चोकसी का दावा है कि बेल्जियम के अधिकारियों ने उसकी गिरफ्तारी में निर्धारित कानूनी प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया। मेहुल ने तत्काल रिहाई की मांग की है। हीरा कारोबारी ने यह कदम बेल्जियम की अपील कोर्ट में उसकी जमानत याचिका खारिज होने के बाद उठाया है।
ईरान ने बुधवार को एक व्यक्ति को फांसी पर लटका दिया। वह इस्राइल की विदेशी खुफिया एजेंसी के लिए काम करता था। तेहरान में 2022 में रिवोल्यूशनरी गार्ड के कर्नल की हत्या में उसकी भूमिका थी। युवक की पहचान मोहसेन लंगरनेशिन के रूप में की गई है। उसे मोसाद का वरिष्ठ जासूस बताया गया है। एजेंसी ने कहा कि मोसाद ने 2020 में लंगरनेशिन की भर्ती की और उसने जॉर्जिया और नेपाल में इस्राइली खुफिया अधिकारियों से मुलाकात की। लंगरनेशिन ने ईरान की अदालत में अपना अपराध स्वीकार किया।
पहलगाम हमले के बाद से भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ा हुआ है। इस बीच सऊदी अब के विदेश मंत्रालय ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, सऊदी अरब भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को लेकर चिंतित है।