{"_id":"6ad97aff72c53f44560dbf48","slug":"will-war-flare-up-again-in-west-asia-khamenei-meets-ghalibaf-warns-the-us-of-retaliatory-action-2026-10-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"पश्चिम एशिया में फिर भड़केगी जंग?: खामेनेई ने गालिबाफ से की मुलाकात, अमेरिका को जवाबी कार्रवाई की दी चेतावनी","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
पश्चिम एशिया में फिर भड़केगी जंग?: खामेनेई ने गालिबाफ से की मुलाकात, अमेरिका को जवाबी कार्रवाई की दी चेतावनी
Thu, 22 Oct 2026 08:25 AM IST
अस्मिता त्रिपाठी
एएनआई, तेहरान
एएनआई, तेहरान
Published by: अस्मिता त्रिपाठी
Updated Thu, 22 Oct 2026 08:25 AM IST
सार
अमेरिका और इस्राइल की ओर से ईरान पर नए हमलों की तैयारी की खबरों के बीच पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ गया है। ईरान के सर्वोच्च नेता मुजतबा खमेनेई ने संसद स्पीकर मोहम्मद बाकर गालिबाफ से मुलाकात की। वहीं, ईरान ने नए हमले की स्थिति में कड़ी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि क्या फिर छिड़ सकती है जंग?
विज्ञापन
ईरान पर फिर हमला करने की तैयारी में अमेरिका?
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
अमेरिकी मीडिया की इस रिपोर्ट के बाद कि अमेरिका और इस्राइल ईरान पर नए हमले करने पर विचार कर रहे हैं। पूरे पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ गया है। यह सब ऐसे समय में हो रहा है जब अमेरिका में मध्यावधि चुनाव (मिडटर्म इलेक्शन) चल रहे हैं। तेजी से बदलते हालात के बीच, बुधवार को ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला सैयद मुजतबा हुसैनी खमेनेई ने ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकर गालिबाफ से मुलाकात की।
विज्ञापन
बैठक में क्या हुआ?
गालिबाफ ही वे व्यक्ति हैं जो कतर और पाकिस्तान जैसे मध्यस्थों के जरिए अमेरिकियों के साथ बातचीत का नेतृत्व कर रहे हैं। ईरानी मीडिया के अनुसार, इस बैठक में अमेरिका-इस्राइल के सैन्य हमलों से जुड़े ताजा घटनाक्रमों की समीक्षा की गई और ईरान की शक्ति के स्रोतों को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
विज्ञापन
खमेनेई ने सामाजिक एकजुटता और राष्ट्रीय एकता को बनाए रखने तथा मजबूत करने में संसद सदस्यों की प्रभावी भूमिका का जिक्र किया। उन्होंने इस्लामिक गणराज्य और सशस्त्र बलों के समर्थन में ईरानी नागरिकों की सार्वजनिक सभाओं में लगातार भागीदारी की भी सराहना की। इसे एक निवारक कदम बताया। इस बैठक की कोई भी आधिकारिक तस्वीर मीडिया के लिए जारी नहीं की गई।
विज्ञापन
अमेरिकी मीडिया ने क्या दावा किया?
न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी और इस्राइल सेनाओं ने ईरान पर नए हमले करने की योजना तैयार कर ली है। यह योजना इस्राइल में अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ और इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच हुई एक बैठक के बाद बनी है। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में कहा गया है कि संभावित लक्ष्यों में ईरान का ऊर्जा बुनियादी ढांचा, परमाणु सुविधाएं, और मिसाइल व ड्रोन जखीरा शामिल हो सकते हैं।
ईरान ने क्या चेतावनी दी?
जवाब में, ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर कोई नया हमला होता है, तो उसका जवाब पहले से कहीं ज्यादा सख्त होगा। ईरानी मीडिया के अनुसार, ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव मोहसेन रेजाई ने कहा है कि ईरानी सशस्त्र बलों ने एक बेहद विनाशकारी योजना तैयार की है, जो उन नियमों का पालन नहीं करेगी जिनसे वे (हमलावर) परिचित हैं।
ईरान के 'प्रेस टीवी' ने एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी के हवाले से बताया है कि जैसे-जैसे तनाव बढ़ रहा है। ईरान ने एक व्यापक और बहुस्तरीय युद्ध की पूरी तैयारी कर ली है। अधिकारी के मुताबिक, ईरान का फैसला पक्का है। अगर कोई नया सैन्य हमला होता है, तो उसका जवाब ऐसा होगा जो पूरे क्षेत्र में हमलावरों और उनके समर्थकों के हितों और लक्ष्यों को निशाना बनाएगा।
अमेरिका की ओर से नए हमले करने की संभावना और ईरान की जवाबी तैयारी के बीच, पश्चिमी एशिया एक बार फिर युद्ध के मुहाने पर खड़ा है। अगर फिर से संघर्ष शुरू होता है, तो इससे अनिश्चितता पैदा होगी और वैश्विक स्तर पर ईंधन की कीमतों में भारी उछाल आ सकता है।