वुहान लैब से कोरोना फैलने की बात मनगढ़ंत : डब्ल्यूएचओ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने अमेरिका के उस दावे पर फिर सवाल उठाए हैं जिसमें कहा गया था कि पूरी दुनिया में फैली कोरोना महामारी को चीन के वुहान में पैदा किया गया है। डब्ल्यूएचओ के आपात निदेशक माइकल रेयान ने कहा, हमें अमेरिका ने वायरस के वुहान लैब में विकसित होने का कोई सुबूत या डाटा नहीं दिया है।
हमारे हिसाब से यह केवल एक कल्पना है। बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और विदेश मंत्री माइक पोम्पियो को डब्ल्यूएचओ में इस बात के साक्ष्य देने थे कि यह महामारी चीन की प्रयोगशाला में पैदा हुई है। जबकि डब्लूएचओ इससे पहले भी संक्रमण से निपटने के लिए चीन की तारीफ कर चुका है जिसके चलते ट्रंप प्रशासन ने हाल के दिनों में संक्रमण को लेकर चीन पर हमले तेज कर दिए।
यहां तक कि अमेरिका ने डब्ल्यूएचओ को दी जाने वाली फंडिंग पर भी रोक लगा दी है। ट्रंप और पोम्पियो ने कहा था कि यह वायरस वुहान के लैब में बना और वहीं से फैला। हमारे पास इसके सुबूत हैं।
चीन-अमेरिका में हो सकता है सैन्य टकराव
एक आंतरिक रिपोर्ट में चीन की सरकार को चेतावनी दी गई है कि महामारी की वजह से अमेरिका के साथ उसके रिश्ते काफी खराब हो सकते हैं। यही नहीं, अमेरिका-चीन में सैन्य टकराव की नौबत भी आ सकती है, क्योंकि चीन ने समय पर कोरोना से जुड़ी जानकारी दुनिया के सामने नहीं रखी है।
रिपोर्ट को थिंक टैंक चाइना इंस्टीट्यूट ऑफ कंटेंपररी इंटरनेशनल रिलेशन्स ने तैयार किया है, जो चीन के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्रालय से संबद्ध है।