US: 'लॉस एंजेलिस को फिर बनाएंगे सुरक्षित और साफ', शहर में तनाव के बीच ट्रंप ने किया सेना की ताकत का प्रदर्शन
लॉस एंजेलिस में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शहर की खराब हालत पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कभी दुनिया का सबसे साफ और सुरक्षित शहर अब कचरे और अपराध का अड्डा बन गया है। उन्होंने वादा किया कि वे शहर को फिर से आज़ाद, साफ और सुरक्षित बनाएंगे।
विस्तार
लॉस एंजेलिस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आव्रजन कानून के बढ़ते विरोध के बीच ट्रंप ने लॉस एंजेलिस की स्थिति पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि कुछ दशकों पहले तक यह शहर दुनिया के सबसे साफ, सुरक्षित और सुंदर शहरों में गिना जाता था, लेकिन अब यह कचरे का ढेर बन गया है।
लॉस एंजेलिस को कराएंगे आजाद- ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि वर्तमान में शहर के कई इलाकों पर अब अंतरराष्ट्रीय गैंगों और आपराधिक नेटवर्क का कब्जा है। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया अब देख सकती है कि अनियंत्रित माइग्रेशन से कैसे अराजकता, अव्यवस्था और असुरक्षा फैलती है। साथ ही ट्रंप ने कहा कि हम लॉस एंजेलिस को आजाद कराएंगे और उसे फिर से साफ, सुरक्षित और सुंदर बनाएंगे।
ये भी पढ़ें:- Free Trade Agreement: 'साल के अंत तक हो सकता है समझौता', भारत और यूरोपीय संघ के बीच एफटीए को लेकर बोले जयशंकर
ट्रंप का बड़ा एक्शन- फोर्ट ब्रैग में सेना की ताकत का प्रदर्शन
इधर दूसरी ओर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को फोर्ट ब्रैग (अब फोर्ट लिबर्टी) में अमेरिकी सेना की ताकत का भव्य प्रदर्शन देखा। यह कार्यक्रम अमेरिकी सेना की 250वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित किया गया था। वहीं, ट्रंप ने लॉस एंजेलिस में हो रहे आव्रजन विरोधी प्रदर्शनों को काबू में लाने के लिए यूएस मरीन और नेशनल गार्ड को तैनात करने का आदेश भी दे दिया।
फोर्ट ब्रैग में सैन्य प्रदर्शन और मेले जैसा माहौल
इसके साथ ही ट्रंप ने मिसाइल स्ट्राइक, हेलिकॉप्टर हमला और इमारत पर छापेमारी जैसे अभ्यासों को देखा। कार्यक्रम में बच्चों के लिए झूले और फुलाने वाले स्लाइड्स लगे थे, जबकि पास में तोपें, ट्रक और हेलिकॉप्टर भी खड़े थे। सुरक्षा जांच चौकी के बाहर ट्रंप के टोपी, टी-शर्ट और प्रचार सामग्री भी बिक रही थी।
ये भी पढ़ें:- Axiom-4: इतिहास रचने को तैयार वायुसेना के गुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला; आज भरेंगे अंतरिक्ष की उड़ान
लॉस एंजेलिस में प्रदर्शन और सैन्य तैनाती पर विवाद
ट्रंप ने लॉस एंजेलिस में आव्रजन विरोधी प्रदर्शनों को रोकने के लिए 4,000 नेशनल गार्ड सैनिकों की तैनाती का आदेश दिया, जबकि 700 मरीन सैनिकों को भी क्षेत्र में भेजा गया है। हालांकि वे अभी तक सीधे कार्रवाई में नहीं उतरे हैं। दूसरी ओर कैलिफोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूसम और राज्य सरकार ने इस तैनाती का कड़ा विरोध किया है। साथ ही राज्य के अटॉर्नी जनरल ने ट्रंप पर राज्य की स्वायत्तता को कुचलने का आरोप लगाया और कोर्ट में मुकदमा दायर कर दिया।