फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   US California Los Angeles Wildfires Santa Ana Winds Palisades Fire Eaton Fire Latest Updates explained news

US Fire: लॉस एंजेलिस में लगी आग बुझ क्यों नहीं रही; इससे कितना क्षेत्र तबाह, कितने मरे और जिम्मेदार कौन? जानें

Tue, 14 Jan 2025 11:44 AM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र स्पेशल डेस्क, अमर उजाला
स्पेशल डेस्क, अमर उजाला Published by: कीर्तिवर्धन मिश्र Updated Tue, 14 Jan 2025 11:44 AM IST
विज्ञापन
सार
अब तक आग लगने की इन घटनाओं ने कितनी तबाही मचाई है? इसकी शुरुआत कहां से और कैसे हुई? आग की चपेट में आकर अब तक कितनी जानें गईं और कितने लोग लापता हुए हैं? इसके अलावा आग को अब तक बुझाया क्यों नहीं जा सका है? और अब तक मामले में किसे जिम्मेदार पाया गया है और उनके खिलाफ क्या कार्रवाई हो रही हैं? आइये जानते हैं...
loader
US California Los Angeles Wildfires Santa Ana Winds Palisades Fire Eaton Fire Latest Updates explained news
लॉस एंजेलिस में लगी आग से जुड़े आंकड़े। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

अमेरिका के कैलिफोर्निया राज्य में स्थित लॉस एंजेलिस में लगी आग ने जबरदस्त तबाही मचाई है। सोशल मीडिया और न्यूज चैनलों के फुटेज में दमकलकर्मियों को जान पर खेलकर आग बुझाने की कोशिश करते देखा जा सकता है। बताया गया है कि अब तक काफी क्षेत्रों में आग पर काबू पा लिया गया है। हालांकि, बुधवार तक एक बार फिर तेज हवाएं चलने की आशंका है। ऐसे में माना जा रहा है कि आग के बढ़ने का खतरा बना हुआ है। 





जंगलों में लगी इस आग को लॉस एंजेलिस के इतिहास की सबसे ज्यादा तबाही फैलाने वाली आगजनी की घटना कहा जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, हजारों लोगों को प्रभावित क्षेत्रों से निकाला जा चुका है। हालांकि, तेज हवाओं में आग फैलने के खतरे को दखेत हुए राहत और बचाव कार्य अभी भी आगे बढ़ाए जा रहे हैं। इन घटनाओं में मौतों की संख्या बढ़ने का भी अनुमान है। 

ऐसे में यह जानना अहम है कि आखिर अब तक आग लगने की इन घटनाओं ने कितनी तबाही मचाई है? इसकी शुरुआत कहां से और कैसे हुई? आग की चपेट में आकर अब तक कितनी जानें गईं और कितने लोग लापता हुए हैं? इसके अलावा आग को अब तक बुझाया क्यों नहीं जा सका है? और अब तक मामले में किसे जिम्मेदार पाया गया है और उनके खिलाफ क्या कार्रवाई हो रही हैं? आइये जानते हैं...

लॉस एंजेलिस की आग से अब तक मौतों-नुकसान का आंकड़ा क्या?
  • आग की चपेट में आकर लॉस एंजेलिस में अब तक कुल 24 लोगों की जान गई है। वहीं, 16 से ज्यादा लोग लापता बताए गए हैं। 1,00,000 से अधिक लोगों को अपने घरों को छोड़कर दूसरे इलाकों में जाने के लिए मजबूर होना पड़ा है। इसके अलावा कई और क्षेत्रों में लोग बिना बिजली के रहने के लिए मजबूर हैं।
  • एक्यूवेदर के शुरुआती अनुमान के मुताबिक, लॉस एंजेलिस में लगी यह आग अमेरिकी इतिहास में आर्थिक नुकसान के लिहाज से सबसे महंगी साबित हो सकती हैं। इनमें 150 अरब डॉलर (करीब 13 लाख करोड़ रुपये) का कम से कम नुकसान हुआ है। 
  • लॉस एंजेलिस में लगी इस आग में कई बड़े सेलिब्रिटीज का घर तबाह हो चुका है। इनमें हॉलीवुड एक्टर मेल गिब्सन, लेटन मीस्टर और एडम ब्रोडी शामिल हैं। जब शहर में आग भड़की तब यह सभी एक्टर गोल्डन ग्लोब्स अवॉर्ड कार्यक्रम में मौजूद थे। इसके अलावा मॉडल और एक्ट्रेस पेरिस हिल्टन का घर भी आग में खाक हुआ है। 

लॉस एंजेलिस में आग ने अब तक कितनी तबाही मचाई?
कैलिफोर्निया राज्य की दमकल एजेंसी- कैल फायर के मुताबिक, मंगलवार (7 जनवरी) को पहली आग की घटना दर्ज की गई। तब से लेकर अब तक कई अलग-अलग जगहों पर आग लग चुकी है। इसमें लॉस एंजेलिस काउंटी का 40,000 एकड़ का इलाका जल चुका है। गौरतलब है कि अमेरिका में चक्रवाती तूफान की तरह ही आग के भी नाम रखने का चलन है। अब तक तीन बड़ी आग में लॉस एंजेलिस में 12,000 से ज्यादा इमारतें जल चुकी हैं। 

लॉस एंजेलिस में कहां-कहां लगी आग, कहां काबू पाया गया?
  • सबसे ज्यादा नुकसान यहां सैंटा मौनिका और मैलिबू के बीच पैसिफिक पैलिसेड्स इलाके में हुआ है, जहां मंगलवार को शुरू हुई पैलिसेड्स आग ने रविवार सुबह तक 23,654 एकड़ क्षेत्र जला दिया। इसमें 5300 से ज्यादा इमारतें खाक हो गईं। 
  • बताया गया है कि पैलिसेड्स में हजारों दमकलकर्मियों की टीम ने करीब 13 फीसदी क्षेत्र में आग पर काबू पा लिया है। हवा की वजह से फिलहाल आग पूर्व की तरफ बढ़ रही है और इससे पड़ोस के ब्रेंटवुड पर सबसे ज्यादा खतरा पैदा हो रहा है, जहां दुनिया के सबसे लोकप्रिय आर्ट म्यूजियम गेटी सेंटर मौजूद है। 

  • इसके अलावा लॉस एंजेलिस के उत्तर में ही अल्टाडेना और पैसाडेना के बीच लगी ईटन आग ने जबरदस्त तबाही मचाई है। क्षेत्र के मामले में पैलिसेड्स से कम होने के बावजूद यह ज्यादा घातक रही है। कुल 26 मौतों में से 16 मौतें ईटन में लगी आग से ही हुई हैं। इस आग से 14,000 एकड़ का इलाका तबाह हुआ है। लॉस एंजेलिस में आग से जो 12,000 इमारतें तबाह हुई हैं, उनमें से 7,000 इमारतें ईटन में ही हैं। हालांकि, आग के 27 फीसदी हिस्से पर काबू पा लिया गया है। 
  • लॉस एंजेलिस में तीसरी- हर्स्ट आग सिलमार इलाके के आसपास लगी है। यह आग सैन फर्नांडो के उत्तर में फैली है। यह आग भी पिछले मंगलवार को ही अचानक भड़की थी और अब तक 799 एकड़ का क्षेत्र तबाह कर चुकी है। हालांकि, दमकलकर्मियों ने इस पर पूरी तरह काबू पा लिया है।
  • इन बड़ी आगों के अलावा केनेथ, आर्चर, सनसेट, लिडिया, वुडली और ओलिविया जैसी छोटी आगों पर काबू पाया जा चुका है। 

लॉस एंजेलिस में ये आग लगीं कैसे, तेजी से क्यों फैल रही?
  • लॉस एंजेलिस के काउंटी शेरिफ रॉबर्ट लूना के मुताबिक, वे इन आग के संभावित कारणों को जानने की कोशिश में जुटे हैं। पैलिसेड्स और ईटन की आग के पीछे किसी तरह की बिजली गिरने की घटना से इनकार किया गया है। इसके अलावा अब तक आगजनी और विद्युत लाइनों के गिरने से भी आग लगने के सबूत नहीं मिले हैं। 
  • हालांकि, कैलिफोर्निया में पिछले साल पड़े सूखे ने स्थितियां काफी खराब कर दीं। दरअसल, यहां सूखे के दौरान ऐसे काफी पेड़-पौधे और वनस्पतियां उग आई हैं, जो कि सूखी हैं। इससे आग का फैलना और ज्यादा आसान हो गया है। 
  • डाउनटाउन लॉस एंजेलिस में अक्तूबर के बाद से ही सिर्फ 40 मिमी वर्षा हुई है। इस सूखे से आसपास की मिट्टी में भी नमी नहीं बची। आग के तेजी से फैलने की एक बड़ी वजह यह भी है। 

सैंटा एना हवाएं क्या हैं, जो इन आग को बढ़ा रही?
सैंटा एना हवाएं (Santa Ana Winds) कैलिफोर्निया के दक्षिणी भाग में चलने वाली तेज़ और शुष्क हवाएं होती हैं। पूर्व या उत्तर-पूर्व से चलने वाली ये हवाएं आम तौर पर सितंबर से मई तक चल सकती हैं। कैलिफोर्निया राज्य के इलाकों में एक साल में औसतन करीब 20 बार ऐसी हवाएं चलती हैं। इन हवाओं की अवधि दो दिन से लेकर कुछ समय पर हफ्ते भर तक की हो सकती है।

इनकी रफ्तार 80-130 किलोमीटर प्रति घंटा होती है। चूंकि ये हवाएं जहां पहुंचती हैं, वहां हवा भी सूखी हो जाती है, इसलिए इनके चलने के दौरान किसी क्षेत्र में फैली आग तेजी से आगे बढ़ सकती है। 

पानी की कमी ने कैसे डाला आग बुझाने के प्रयासों पर असर?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस दौरान दमकलकर्मी इन आग को घातक स्तर तक पहुंचने से रोकने के लिए जी-जान लड़ा रहे थे, उसी दौरान उनकी कोशिशों को बड़ा झटका लगा। दरअसल, कैलिफोर्निया में जलाशयों में कम पानी की मौजूदगी की बात सामने आई, जिससे यहां हाइड्रेंट्स में प्रेशर कम हो गया।

कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसम ने स्वतंत्र जांच की मांग की है कि किस तरह पानी की कमी ने लॉस एंजेलिस क्षेत्र में लगी आग के खिलाफ लड़ाई को नुकसान पहुंचाया। गेविन न्यूसम ने कहा कि उन्होंने कुछ फायर हाइड्रेंट में पानी की सप्लाई की कमी और सैंटा यनेज जलाशय के मेंटेनेंस के लिए बंद होने की कथित घटनाओं की जांच शुरू कराई है।  बताया गया है कि सैंटा यनेज रिजरवॉयर में मेंटेनेंस की वजह से पानी न होने की बात सामने आई।

लॉस एंजेलिस के लिए अब आगे क्या?
दमकल की टीमों ने आग के खतरे के मद्देनजर बुधवार शाम 6 बजे तक के लिए उच्चस्तरीय अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को सबसे तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है, जिससे आग के पूर्वी क्षेत्र में तेजी से फैलने का खतरा जताया गया है। मैदानी क्षेत्र में इनकी रफ्तार 80 किलोमीटर प्रतिघंटा तक पहुंचने का अनुमान लगाया गया है। वहीं पहाड़ी क्षेत्र में इनकी रफ्तार 113 किमी प्रतिघंटा तक रह सकती है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed