Uighur Muslims Genocide: संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त की चीन यात्रा के निष्कर्षों से पश्चिमी देश संतुष्ट नहीं
बैशलेट ने अपने बयान में कहा कि चीन में उन्हें बिना किसी निगरानी के घूमने-फिरने और अपनी इच्छा के मुताबिक लोगों से मिलने-जुलने का मौका दिया गया। उन्होंने चीन को आतंकवाद विरोधी कदमों में सुधार का सुझाव दिया, लेकिन शिनजियांग प्रांत में ‘जनसंहार’ जैसी किसी बात का उल्लेख नहीं किया...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक मिशेल बैशलेट की हाल में हुई चीन यात्रा के बावजूद शिनजियांग के मुद्दे पर अंतरराष्ट्रीय विवाद थमने की संभावना फिलहाल नहीं है। बैशलेट ने पिछले शनिवार को अपनी चीन यात्रा पूरी की, जिस दौरान वे कई दिन शिनजियांग प्रांत में रहीं।
रविवार को जारी एक लंबे बयान में बैशलेट ने कहा कि चीन में उन्हें बिना किसी निगरानी के घूमने-फिरने और अपनी इच्छा के मुताबिक लोगों से मिलने-जुलने का मौका दिया गया। उन्होंने चीन को आतंकवाद विरोधी कदमों में सुधार का सुझाव दिया, लेकिन शिनजियांग प्रांत में ‘जनसंहार’ जैसी किसी बात का उल्लेख नहीं किया। अमेरिका इस मुस्लिम बहुल प्रांत में ‘जनसंहार’ (जिनोसाइड) के आरोप लगाता रहा है।
चीनी मीडिया ने जताई खुशी
बैशलेट के बयान पर चीनी मीडिया ने खुशी जताई। उसमें इस बात का जिक्र किया गया कि बैशलेट ने चीन में मानवाधिकार संरक्षण की स्थिति में हुए सुधार की बात खुल कर कही है। चीनी मीडिया ने दावा किया कि संयुक्त राष्ट्र उच्चायुक्त को ‘वास्तविक शिनजियांग का प्रत्यक्ष अनुभव’ प्राप्त करने का मौका मिला। लेकिन अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने बैशलेट और उनकी टीम के निष्कर्षों को लेकर खुलेआम चिंताई है।
कूटनीति विशेषज्ञों का कहना है कि बैशलेट की यात्रा चीन और पश्चिमी देशों के बीच जारी टकराव की एक और झलक बन गई है। पश्चिमी देश लगातार उनके निष्कर्षों को संदेह से देख रहा हैं। इस यात्रा को इस बात का भी संकेत समझा जा रहा है कि अब संयुक्त राष्ट्र से जुड़ी एजेंसियां भी पश्चिमी देशों और चीन के बीच बनी खाई को पाटने में नाकाम साबित हो रही हैं।
अमेरिकी विदेश मंत्री ब्लिंकेन का बयान इसी बात की मिसाल है। बैशलेट का वक्तव्य आने के बाद ब्लिंकेन ने कहा- ‘संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त मिशेल बैशलेट और उनकी टीम की चीन यात्रा के दायरे को सीमित रखने और इसका फायदा उठाने की चीन की कोशिशों को लेकर अमेरिका चिंतित है।’ सोमवार को जर्मनी ने कहा कि चीनी प्रतिबंधों के कारण बैशलेट की यात्रा अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतरी। जबकि चीन का कहना है कि पश्चिमी देशों ने अपनी मनगढ़ंत कहानी के आधार पर अपेक्षा पाली थी कि बैशलेट उसकी पुष्टि करेंगी। जबकि उन्होंने वही कहा, जो उन्होंने खुद शिनजियांग में देखा।
चीन से संवाद और संपर्क बनाए रखने पर जोर
ब्रिटिश अखबार द गार्जियन में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक चीन के आलोचकों को आशा थी कि बैशलेट उइघुर मुसलमानों से चीन के व्यवहार की कड़े शब्दों में निंदा करेंगी। लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। इसके बदले उन्होंने चीन से संपर्क और संवाद बनाए रखने पर जोर दिया।
अब पश्चिमी विश्लेषकों ने कहा है कि बैशलेट को अपना यह वादा निभाना चाहिए कि वे मानवाधिकार हनन के मामलों की निगरानी जारी रखेंगी। इन विश्लेषकों के मुताबिक बैशलेट को इस बात की निगरानी करनी चाहिए कि आतंकवाद विरोधी नीतियों की समीक्षा के उनके सुझाव पर चीन क्या कदम उठाता है। उधर चीनी विश्लेषकों ने कहा है कि शिनजियांग में उइघुर मुसलमानों के जनसंहार या उनके लिए सामूहिक कारावास होने की बातें शुरू से निराधार थीं। संयुक्त राष्ट्र उच्चायुक्त की यात्रा ने इस बात की पुष्टि दुनिया के सामने कर दी है।