{"_id":"6a87f318ac117865990ce547","slug":"two-ships-hijacked-near-yemen-somalia-30-crew-members-including-22-indians-held-by-pirates-2026-08-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"समंदर में फिर दहशत: यमन-सोमालिया के पास दो जहाज हाईजैक; लुटेरों के कब्जे में 22 भारतीय समेत 30 क्रू मेंबर","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
समंदर में फिर दहशत: यमन-सोमालिया के पास दो जहाज हाईजैक; लुटेरों के कब्जे में 22 भारतीय समेत 30 क्रू मेंबर
Fri, 21 Aug 2026 12:13 PM IST
प्रशांत तिवारी
पीटीआई, नई दिल्ली
पीटीआई, नई दिल्ली
Published by: प्रशांत तिवारी
Updated Fri, 21 Aug 2026 12:13 PM IST
सार
यमन और सोमालिया के तट के पास अलग-अलग घटनाओं में समुद्री लुटेरों ने दो कमर्शियल जहाजों को हाईजैक कर लिया है। इन दोनों जहाजों पर कुल 22 भारतीय नागरिक समेत 30 क्रू सदस्य सवार थे। भारतीय अधिकारियों के मुताबिक, ताजा जानकारी में सभी भारतीय क्रू सदस्य सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
यमन और सोमालिया के तट के पास दो अलग-अलग घटनाओं में समुद्री लुटेरों ने दो कमर्शियल जहाजों को हाईजैक कर लिया। इन दोनों जहाजों पर कुल 22 भारतीय नागरिक समेत 30 क्रू सदस्य सवार थे। एमटी सिबू 1 पर 16 और एम/वी लुटुफ पर छह भारतीय नागरिक सवार थे। सोमालिया में हाईजैक किए गए जहाज पर तुर्किये के हथियार और संचार-सैटेलाइट उपकरण लदे थे। जबकि एम/वी लुटुफ और उसके चालक दल की मौजूदा स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है।
विज्ञापन
अदन की खाड़ी में तेल टैंकर पर हमला
शिपिंग मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 20 अगस्त को यमन के तट से करीब 30 नॉटिकल मील दूर अदन की खाड़ी में इरिट्रिया के झंडे वाले तेल उत्पाद टैंकर एमटी सिबू 1 को हथियारबंद समुद्री लुटेरों ने अपने कब्जे में ले लिया। जहाज पर कुल 20 क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें 16 भारतीय नागरिक शामिल हैं। अधिकारी के अनुसार, घटना के बाद भारतीय पक्ष स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक जहाज पर सवार भारतीय क्रू सदस्य सुरक्षित हैं।
विज्ञापन
पुंटलैंड तट के पास कार्गो जहाज भी बना निशाना
दूसरी घटना 17 अगस्त को सोमालिया के पुंटलैंड तट के पास हुई, जहां कैमरून के झंडे वाले कार्गो जहाज एम/वी लुटुफ को समुद्री लुटेरों ने हाईजैक कर लिया। जहाज पर 10 सदस्यीय क्रू था, जिसमें छह भारतीय नागरिक, एक तुर्किये का नागरिक, एक जॉर्जियाई नागरिक और दो सर्बियाई सुरक्षा गार्ड शामिल थे। सोमाली अधिकारियों के मुताबिक, जहाज का मालिकाना हक पोलर मूवमेंट शिपिंग के पास बताया गया है। हाईजैक के बाद समुद्री लुटेरे जहाज को पुंटलैंड के नुगाल तट की ओर ले गए।
विज्ञापन
मारेया के पास कब्जे में लिया गया जहाज
एक सोमाली अधिकारी ने पहचान जाहिर नहीं करने की शर्त पर बताया कि एम/वी लुटुफ को सोमवार को पुंटलैंड के ईयल जिले में मारेया से करीब साढ़े तीन नॉटिकल मील की दूरी पर कब्जे में लिया गया। अधिकारी ने बताया कि मामला संवेदनशील होने के कारण उन्हें सार्वजनिक रूप से अपनी पहचान बताने की अनुमति नहीं थी।
जहाज पर तुर्किये के हथियार और संचार उपकरण
अधिकारियों के अनुसार, एम/वी लुटुफ तुर्किये के हथियार लेकर जा रहा था। इन हथियारों को मोगादिशु स्थित तुर्किये के सैन्य प्रशिक्षण केंद्र तक पहुंचाया जाना था। जहाज पर संचार और सैटेलाइट उपकरण भी लदे थे। घटना को लेकर तुर्किये के अधिकारियों की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।
आठ समुद्री लुटेरों ने किया जहाज पर कब्जा
सोमाली अधिकारी के मुताबिक, करीब आठ समुद्री लुटेरों ने एम/वी लुटुफ पर कब्जा किया। आशंका है कि यही समूह 26 अप्रैल को एम/वी स्वार्ड के हाईजैक में भी शामिल था। हाईजैक के बाद लुटेरे जहाज को पुंटलैंड के डांगोरोयो जिले में गारमाल के पास तट की ओर ले गए। इस दौरान इलाके में गतिविधियां बढ़ गईं और जहाज की निगरानी भी शुरू कर दी गई।
तुर्किये के जहाज और हेलिकॉप्टर पहुंचे
अधिकारी ने बताया कि बाद में तुर्किये के स्वामित्व वाले दो जहाज हाईजैक किए गए पोत के पास पहुंचे। इलाके में तुर्किये के हेलिकॉप्टर और ड्रोन भी निगरानी कर रहे थे। मंगलवार को दो लोगों को लेकर एक छोटी नाव हाईजैक किए गए जहाज के पास पहुंची और वहां खाट पहुंचाया। सोमालिया में खाट एक उत्तेजक पदार्थ है, जिसे आमतौर पर चबाया जाता है।
हवाई हमले में चार लोगों की मौत
सोमाली अधिकारी के अनुसार, छोटी नाव के तट पर लौटने के बाद इलाके में हवाई हमला हुआ। इस हमले में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हुए। हालांकि, हमले की परिस्थितियों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। यह भी साफ नहीं है कि हमला किसने किया था और मारे गए लोग जहाज के हाईजैक में शामिल समुद्री लुटेरे थे या नहीं।
ये भी पढ़ें: अमेरिका ने पश्चिम एशिया में भेजा नया विमानवाहक पोत: यूएसएस लिंकन की लेगा जगह, सैनिकों की हालत पर मचा था बवाल
जहाज और क्रू की मौजूदा स्थिति पर तस्वीर साफ नहीं
एम/वी लुटुफ, उसके चालक दल और जहाज पर लदे सामान की मौजूदा स्थिति तत्काल स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना से जुड़ी कई जानकारियों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि भी नहीं हो पाई है। दोनों घटनाओं ने अदन की खाड़ी और सोमालिया के आसपास समुद्री सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। खास तौर पर भारतीय क्रू सदस्यों की मौजूदगी को देखते हुए भारतीय अधिकारियों के लिए उनकी सुरक्षित वापसी प्राथमिकता बनी हुई है।