Twitter: ट्विटर से निकाले गए सभी अधिकारी होंगे मालामाल, पराग अग्रवाल को मिलेंगे करीब 5 करोड़ डॉलर
ब्लूमबर्ग न्यूज के मुताबिक, एक साल से भी कम समय पहले सीईओ बनाए गए पराग अग्रवाल हर्जाने के तौर पर कंपनी से लगभग 5 करोड़ डॉलर पाने के हकदार हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दुनिया के सबसे अमीर और टेस्ला मोटर के मालिक एलन मस्क ने ट्विटर को खरीदने के तुरंत बाद प्रमुख अधिकारियों की छुट्टी कर दी। एलन मस्क ने सीईओ पराग अग्रवाल, सीएफओ नेड सेगल, जनरल काउंसल सीन एडगेट और कानूनी नीति, ट्रस्ट और सुरक्षा प्रमुख विजया गाड्डे को बाहर का रास्ता दिखा दिया है। भले ही मस्क ने इन अधिकारियों को कंपनी ने हटा दिया हो, लेकिन इनके लिए ये फायदे का सौदा होने जा रहा है। ट्विटर इंक से निकाले जाने के बदले इन लोगों को बहुत बड़ी राशि मिलने जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, सीईओ पराग अग्रवाल, सीएफओ नेड सेगल, जनरल काउंसल सीन एडगेट को हर्जाने के तौर पर कंपनी कुल 100 मिलियन डॉलर खर्च करेगी।
सबसे अधिक शेयर पराग अग्रवाल का होगा
इसमें सबसे ज्यादा शेयर पराग अग्रवाल का ही रहेगा, क्योंकि कंपनी के सीईओ के रूप में नियुक्त होने के 12 महीनों के भीतर अगर उन्हें नौकरी से निकाला जाता है, तो उन्हें लगभग 42 से 50 मिलियन डॉलर (5 करोड़ डॉलर) मिलेंगे। अग्रवाल ने नवंबर 2021 में जैक डोर्सी के बाद ट्विटर के सीईओ का पदभार संभाला था।
ब्लूमबर्ग न्यूज के मुताबिक, एक साल से भी कम समय पहले सीईओ बनाए गए पराग अग्रवाल हर्जाने के तौर पर कंपनी से लगभग 50 मिलियन डॉलर पाने के हकदार हैं। वहीं, सीएफओ नेड सेगल और कानूनी, नीति और ट्रस्ट के प्रमुख विजया गाड्डे 37 मिलियन डॉलर और 17 मिलियन डॉलर बतौर हर्जाना पाने के हकदार हैं। सौदे के एक हिस्से के रूप में पराग अपने अनिवेशित इक्विटी अवॉर्ड्स का 100% निवेश करेंगे।
पिछले साल नवंबर में पराग को कंपनी का सीईओ बनाया गया था
जानकारों ने कहा कि गुरुवार को ट्विटर में बतौर चीफ एलन मस्क के पदभार संभालने के बाद तीन और अन्य प्रमुख अधिकारियों की छुट्टी हुई है। उन्हें कंपनी से बाहर निकालने से पहले छह महीने से अधिक समय तक सार्वजनिक और कानूनी तकरार हुई, जो अब दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति मस्क के सीईओ की जिम्मेदारी संभालने के साथ खत्म हुई है। पिछले साल नवंबर में पराग अग्रवाल ट्विटर के सीईओ बने थे। ट्विटर के प्रॉक्सी के मुताबिक, पराग अग्रवाल कंपनी में पहले चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर थे, इसके बाद पिछले साल नवंबर में उन्हें कंपनी का सीईओ बनाया गया था। 2021 में उनके हर्जाने की कुल कीमत 30.4 मिलियन डॉलर थी।
इस साल अप्रैल में एलन मस्क ने ट्विटर डील खरीदने का एलान किया था। सबसे पहले उन्होंने 9.2 फीसदी की हिस्सेदारी खरीदी थी। इसके बाद एलन मस्क को ट्विटर के बोर्ड में शामिल होने का आमंत्रण दिया गया था। उन्होंने बोर्ड में शामिल होने से इनकार करते हुए 44 बिलियन डॉलर में ट्विटर को खरीदने का प्रस्ताव रखा था। कुछ समय बाद शेयरहोल्डर्स उनकी पेशकश मान गए। लेकिन मई में एलन मस्क और पराग अग्रवाल बॉट अकाउंट्स को लेकर आमने-सामने आ गए। तब मस्क ने ट्विटर डील को रोक दिया और मामला कोर्ट पहुंच गया। 28 अक्तूबर को एलन मस्क ने अदालती कार्रवाई शुरू होने से ऐन पहले इस डील को पूरा कर लिया।