{"_id":"6ada7dc7d16e23a96509bfdd","slug":"trump-accuses-iran-of-raising-oil-prices-ahead-of-us-midterm-elections-warns-against-nuclear-weapons-2026-10-23","type":"story","status":"publish","title_hn":"ट्रंप का ईरान पर बड़ा हमला: बोले- अमेरिकी चुनाव से पहले तेल महंगा करने की कोशिश; परमाणु हथियार पर क्या कहा?","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
ट्रंप का ईरान पर बड़ा हमला: बोले- अमेरिकी चुनाव से पहले तेल महंगा करने की कोशिश; परमाणु हथियार पर क्या कहा?
Fri, 23 Oct 2026 02:49 AM IST
शिवम गर्ग
एएनआई, वॉशिंगटन
एएनआई, वॉशिंगटन
Published by: शिवम गर्ग
Updated Fri, 23 Oct 2026 02:49 AM IST
सार
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर मध्यावधि चुनाव से पहले तेल की कीमतें बढ़ाने और प्रदर्शनकारियों पर हिंसा करने का आरोप लगाया है। दूसरी ओर, ईरानी नौसेना ने होर्मुज में जहाजों और अमेरिकी सैन्य ठिकानों को लेकर चेतावनी दी है।
विज्ञापन
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के नेतृत्व पर वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। ट्रंप के मुताबिक, ईरान अमेरिका में होने वाले मध्यावधि चुनाव से पहले तेल की कीमतों में उछाल लाने के लिए फारस की खाड़ी में संकट पैदा कर रहा है। उन्होंने एक बार फिर स्पष्ट किया कि ईरान को किसी भी कीमत पर परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिया जाना चाहिए।
विज्ञापन
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक पोस्ट में होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल की आपूर्ति बाधित होने के दावों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से पहले की तुलना में अधिक तेल गुजर रहा है।
विज्ञापन
'ईरान तेल की कीमतें बढ़ाने के लिए बना रहा झूठी घटनाएं'
ट्रंप ने आरोप लगाया कि ईरान तेल की कीमतों को बढ़ाने के लिए फर्जी हमलों और समुद्र में बारूदी सुरंगों से जुड़ी घटनाओं की बातें सामने ला रहा है। उन्होंने दावा किया कि संघर्ष शुरू होने से पहले की तुलना में अब होर्मुज जलडमरूमध्य से अधिक तेल गुजर रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति के अनुसार, ईरान की इन गतिविधियों का उद्देश्य अमेरिका में मध्यावधि चुनाव से पहले तेल की कीमतों को प्रभावित करना है।
विज्ञापन
ईरान में प्रदर्शनकारियों की मौत का भी लगाया आरोप
ट्रंप ने ईरान की सरकार को 'दुष्ट शासन' बताते हुए प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हिंसक कार्रवाई का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि सात महीने से भी कम समय में 75 हजार प्रदर्शनकारियों की मौत हुई है। ट्रंप ने कहा कि ईरान में प्रदर्शनकारियों और रास्ते में आने वाले अन्य लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय और अमेरिका की डेमोक्रेटिक पार्टी पर भी इस मुद्दे को लेकर पर्याप्त चिंता नहीं दिखाने का आरोप लगाया।
परमाणु हथियारों को लेकर ट्रंप की दोटूक चेतावनी
ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर ट्रंप ने सख्त रुख दोहराया। उन्होंने कहा कि ईरान को कभी भी परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिया जाएगा। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बना हुआ है। इससे पहले बुधवार को ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका ईरान के साथ बातचीत नहीं कर रहा है। उन्होंने यह भी संकेत दिया था कि जल्द ही कुछ हो सकता है, लेकिन उन्होंने इसके बारे में विस्तार से नहीं बताया।
होर्मुज में बारूदी सुरंगों को लेकर अमेरिका को ईरान की चेतावनी
इस बीच, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की नौसेना ने अमेरिका को चेतावनी दी है। ईरानी नौसेना ने आरोप लगाया कि अमेरिका जहाजों को ऐसे समुद्री रास्ते से गुजरने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है, जहां बारूदी सुरंगें मौजूद हैं। आईआरजीसी नौसेना कमान के बयान के मुताबिक, इस रास्ते से जहाजों को गुजरने के लिए प्रेरित करने से समुद्री दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। उसने चेतावनी दी कि यदि ऐसी गतिविधियां जारी रहीं, तो टकराव का दायरा क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों तक फैल सकता है।
चार तेलवाहक जहाजों में आग लगने का ईरान ने किया दावा
ईरान के सरकारी प्रसारक इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग (आईआरआईबी) के अनुसार, आईआरजीसी नौसेना ने दावा किया है कि उसने उत्तरी फारस की खाड़ी में तेल ले जा रहे चार जहाजों पर हमला कर उनमें आग लगा दी। इसके अलावा, पश्चिमी होर्मुज जलडमरूमध्य में तीन अन्य जहाजों के बारूदी सुरंगों से टकराने की बात भी कही गई है। गुरुवार को जारी बयान में ईरानी नौसेना ने दावा किया कि चारों जहाज चेतावनी के बावजूद एक 'अवैध मार्ग' से गुजरे थे।