सात बच्चों की मां बन सकती हैं यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष, जर्मनी की हैं रक्षा मंत्री
यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष डोनाल्ड टस्क ने लंबे समय से यूरोपीय आयोग के अध्यक्ष पद को लेकर पहली बार जर्मनी की उर्सुला फॉन डेय लाएन के नाम के संकेत दिए हैं। वह इस आयोग की अगली अध्यक्ष बन सकती हैं। फिलहाल वे जर्मनी चांसलर एंगेला मर्केल की सीडीयू पार्टी की सदस्य हैं और देश की रक्षा मंत्री हैं। पश्चिमी देशों में वे एक ऐसी मंत्री हैं जो सात बच्चों की मां भी हैं।
लाएन के नाम का प्रस्ताव यूरोपीय परिषद ने किया है। 751 सदस्यों वाली यूरोपीय संसद में उनके नाम को बहुमत का समर्थन मिलते ही वे इस पद को संभालने वाली पहली महिला हो जाएंगी। टस्क ने नामांकन प्रक्रिया में लैंगिक संतुलन का स्वागत करते हुए कहा, ‘सबसे अहम बात यह है कि हमने चार अहम पदों के लिए दो महिला और दो पुरुषों को चुना है। इस लैंगिक संतुलन को लेकर मैं बेहद खुश हूं।’
परिषद ने क्रिस्टीने लागार्द को यूूरोपीय केंद्रीय बैंक अध्यक्ष पद के लिए नामित किया गया है। वे फ्रांस की वित्तमंत्री रह चुकी हैं और फिलहाल अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की प्रबंध निदेशक हैं। जर्मन चांसलर मैर्केल ने कहा कि फॉन डेय लाएन को यूरोपीय नेताओं ने एकमत से चुना है, इसमें सिर्फ वे खुद शामिल नहीं थीं।
संसद में सब कुछ आसान नहीं होगा
यूरोपीय आयोग के निवर्तमान अध्यक्ष ज्यां क्लोद युंकर का कार्यकाल 31 अक्तूबर को खत्म हो रहा है। उन्होंने कहा, ‘संसद में सब कुछ आसान नहीं होगा।’ यूरोपीय संसद के सदस्यों ने लीड कैंडिडेट सिस्टम को दरकिनार करने के लिए यूरोपीय परिषद के फैसले की आलोचना की है।
ग्रीन संसदीय समूह का कहना है कि जो डील हुई है उसमें यूरोपीय संसद के चुनाव नतीजों का सम्मान नहीं किया गया है। वहीं, यूरोपीय संसद में सोशलिस्ट और डेमोक्रेट समूह की नेता इराटक्से गार्सिया ने प्रस्तावित नियुक्तियों को अस्वीकार्य बताया।