फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   The fear spread from the Delta variant in United States, US stock market fell by 700 points on Monday

नई लहर से मचा हड़कंप: डेल्टा वैरिएंट तोड़ रहा है आम जीवन शुरू होने का अमेरिकी भरोसा

Wed, 21 Jul 2021 05:40 PM IST
Harendra Chaudhary वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वाशिंगटन
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, वाशिंगटन Published by: Harendra Chaudhary Updated Wed, 21 Jul 2021 05:40 PM IST
सार

देश में डेल्टा वैरिएंट से फैले भय का आलम यह है कि अमेरिकी शेयर मार्केट में 700 अंकों की गिरावट सोमवार को दर्ज की गई। सबसे ज्यादा गिरावट यात्रा, अवकाश सेवा और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी कंपनियों के भाव में दर्ज हुई है...

विज्ञापन
The fear spread from the Delta variant in United States, US stock market fell by 700 points on Monday
अमेरिका में कोरोना - फोटो : पीटीआई (फाइल)

विस्तार

अमेरिका में कोरोना महामारी की नई लहर आती दिख रही है। बीते कुछ दिनों में देश में संक्रमण के मामले तेजी से बढ़े हैं। अब चूंकि संक्रमण से देश के कई बड़े नेताओं के करीबी भी प्रभावित हुए हैं, इसलिए इस नए खतरे पर सबका ध्यान गया है। टेलीविजन चैनल सीएनएन ने एक ताजा रिपोर्ट में कहा है कि कोविड-19 के खिलाफ देश की लड़ाई तेजी से गलत दिशा में जाती दिख रही है। नतीजा यह है कि अब फिर से सबको मास्क पहनने की सलाह दी जा रही है।    

विज्ञापन


वेबसाइट एक्सियोस.कॉम की एक रिपोर्ट के मुताबिक कोरोना वायरस के नए संक्रमणों के लिए ज्यादातर मामलों में जिम्मेदार इसका डेल्टा वैरिएंट है। इसे देखते हुए अब अमेरिकी कांग्रेस के दोनों सदनों के नेताओं ने वाशिंगटन में कोविड-19 संबंधी नियम फिर से लागू करने पर विचार शुरू कर दिया है। वेबसाइट की रिपोर्ट में बताया गया है कि हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव और सीनेट के ज्यादातर सदस्य टीका लगवा चुके हैं, लेकिन डेल्टा वैरिएंट से वे चिंतित हैं। इन दिनों सीनेटर और हाउस के सदस्य अपने-अपने राज्यों में अगले साल होने वाले चुनाव के लिए चंदा जुटाने और प्रचार के अभियानों में शामिल हो रहे हैं। इस दौरान लोगों से हो रहे मेल-जोल के कारण वे चिंतित हुए हैं।

विज्ञापन

इसी हफ्ते व्हाइट हाउस के एक अधिकारी और हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव की स्पीकर नैंसी पेलोसी के दफ्तर के एक कर्मचारी के संक्रमित होने की खबर आई। उसके बाद राजधानी में हड़कंप मच गया। सांसदों के इलाज करने वाले डॉक्टरों के कार्यालय ने मंगलवार को पुष्टि की कि कैपिटॉल हिल (संसद भवन) के कई ऐसे कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, जो वैक्सीन के दोनों डोज ले चुके हैं। इस कार्यालय से जुड़े डॉक्टर पी मोहनदास के मुताबिक डेल्टा वैरिएंट वाशिंगटन डीसी और कैपिटल बिल्डिंग में डेल्टा वैरिएंट से संक्रमित व्यक्ति पाए गए हैं।

देश में डेल्टा वैरिएंट से फैले भय का आलम यह है कि अमेरिकी शेयर मार्केट में 700 अंकों की गिरावट सोमवार को दर्ज की गई। सबसे ज्यादा गिरावट यात्रा, अवकाश सेवा और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी कंपनियों के भाव में दर्ज हुई है। विश्लेषकों के मुताबिक इसकी वजह ये भरोसा टूटना है कि जल्द ही अमेरिका में आम जिंदगी शुरू हो जाएगी और लोग छुट्टियां मनाने पर्यटन स्थलों पर जाने लगेंगे।

इस बीच राहत की बात यह है कि वैक्सीन के दोनों डोज ले चुके जो लोग संक्रमित हो रहे हैं, उनमें हल्के लक्षण ही देखने को मिल रहे हैं। अमेरिका में अब तक 66 फीसदी आबादी को कम से कम एक टीका लग चुका है। 57 फीसदी लोगों को टीका के दोनों डोज लग चुके हैं। लेकिन विशेषज्ञ यह पूरे भरोसे के साथ कहने से बच रहे हैं कि आखिरकार डेल्टा वैरिएंट से बचाव में टीका कितना प्रभावी होगा।

वेबसाइट एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक उससे बातचीत में कई लोगों ने कहा कि उनमें कोरोना संक्रमण जैसे हल्के लक्षण दिखे हैं, लेकिन उन्होंने जांच नहीं कराई है। इसकी वजह उन्होंने यह बताई कि उन्हें भरोसा है कि वैक्सीन के कारण उनकी स्थिति गंभीर नहीं होगी। जबकि विशेषज्ञों ने ऐसी लापरवाही न बरतने की सलाह दी है।

द यूएस सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन के पूर्व कार्यकारी निदेशक डॉ. रिचर्ड बेसर ने सीएनएन से कहा कि उनकी राय में जिन लोगों ने टीका नहीं लिया है, वे डेल्टा वैरिएंट से संक्रमित होंगे। इसकी वजह यह है कि ये वैरिएंट बेहद संक्रामक है, जबकि अमेरिका में लोगों ने मिलना-जुलना शुरू कर दिया है। इससे वे लोग भी प्रभावित हो सकते हैं, जिन्होंने टीका लगवा लिया है।  

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed